CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें प्रोफेसर अपहरण कांड का बड़ा खुलासा, ई-गजट पोर्टल लॉन्च से डिजिटल शासन को बढ़ावा, पूर्व राष्ट्रपति कोविंद का रायपुर दौरा, 108 एम्बुलेंस सेवा वेतन संकट, खैरागढ़ में स्वच्छ भारत मिशन की पोल, बस्तर में ‘नियद नेल्लानार’ से विकास की नई शुरुआत, सहायक शिक्षकों का बड़ा आंदोलन, BALCO G-9 प्रोजेक्ट विवाद तेज, मानव तस्करी में सरगुजा की युवतियाँ बेची गईं, रायपुर में भीषण आग से कई परिवार बेघर समेत पढ़ें CG की सभी प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
अपहरण कांड का खुलासा: प्रोफेसर से फिरौती, न्यूड वीडियो और पाँच आरोपियों की गिरफ्तारी
Crime: जांजगीर-चांपा में प्रोफेसर के अपहरण और लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शिक्षक और CAF जवान ने मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी। आरोपियों ने प्रोफेसर को फोन कर खरौद बुलाया, अगवा किया और 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी। मारपीट कर डराने-धमकाने के साथ उनका न्यूड वीडियो बनाकर 14 लाख रुपये बैंक से निकलवाए। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार वयस्क और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन समेत कई सबूत जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को BNS की धारा 140(2), 308(2), 309(6), 61(2) के तहत जेल भेज दिया गया है।
डिजिटल शासन की ओर बड़ा कदम: छत्तीसगढ़ में ई-गजट पोर्टल लॉन्च
CG Digital Governance: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने प्रशासनिक कार्यों के डिजिटलीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नए ई-गजट पोर्टल के माध्यम से अब सभी विभाग नोटिफिकेशन, आदेश और अधिसूचनाएं सीधे ऑनलाइन भेजेंगे, जिन्हें शासकीय मुद्रणालय डिजिटल रूप में प्रकाशित करेगा। इससे अधिसूचना प्रकाशन प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और 100% पेपरलेस हो जाएगी। रिकॉर्ड प्रबंधन, पारदर्शिता और उपलब्धता में बड़ा सुधार होगा। यह राज्य की ई-गवर्नेंस नीति को और मजबूती देगा।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का रायपुर दौरा, PMO का नाम बदलने पर बयान
Former President Ram Nath Kovind: रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने PMO और सचिवालय के नाम बदलने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा—“जो बदला है, अच्छा किया है, यह राजनीतिक बातें हैं।” उन्होंने वन नेशन-वन इलेक्शन पर भी कहा कि मामला अभी संसद में लंबित है। PMO का नया नाम ‘सेवातीर्थ’ और केंद्रीय सचिवालय का नाम ‘कर्तव्य भवन’ रखने के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।
108 एम्बुलेंस सेवा संकट में: दो महीने से नहीं मिली सैलरी, कर्मचारियों ने दी चेतावनी
Emergency: बस्तर जिले में 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा ठप पड़ने की कगार पर है। कर्मचारियों ने बताया कि संबंधित एजेंसी पिछले दो महीनों से वेतन नहीं दे रही है। कर्मचारियों ने कलेक्टर, जिला श्रम अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग को ज्ञापन सौंपकर नियमित भुगतान की मांग की है। बस्तर में 12 एम्बुलेंस और 50 कर्मचारी सेवा दे रहे हैं, लेकिन वेतन न मिलने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
स्वच्छ भारत मिशन की पोल खुली: खैरागढ़ में खुले में कचरा डंप, जहरीले धुएं से बढ़ा खतरा
Clean India Mission: खैरागढ़ में रोजाना शहर का ठोस कचरा, मेडिकल वेस्ट और प्लास्टिक खुले मैदानों में फेंका जा रहा है। इससे उठने वाला जहरीला धुआं पूरे क्षेत्र में फैल रहा है। लोग खांसी, आंखों में जलन, सांस की समस्या से परेशान हैं। किसान बता रहे हैं कि धुएं से फसलें झुलस रही हैं, प्लास्टिक मिट्टी की उर्वरता नष्ट कर रहा है। मवेशी भी प्लास्टिक खाकर बीमार हो रहे हैं। नगरपालिका की अनुपस्थिति और लापरवाही ने स्थिति को गंभीर बना दिया है।
बस्तर का बदलता भविष्य: ‘नियद नेल्लानार’ योजना से शिक्षा, सुरक्षा और विकास की नई शुरुआत
Development: वर्षों तक नक्सलवाद और पिछड़ेपन से जूझते बस्तर में अब विकास की नई रोशनी दिखाई दे रही है। CM विष्णुदेव साय की ‘नियद नेल्लानार’ योजना ने 327 दूरस्थ गांवों को सुरक्षा, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा से जोड़ने का मार्ग तैयार किया। 54 नए सुरक्षा शिविर, 31 स्कूल, 185 आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत हुए हैं। कई जगह कक्षाओं की शुरुआत भी हो चुकी है। अब बस्तर में बंदूक की जगह किताबें और अंधेरे की जगह उजाला लौट रहा है।
सहायक शिक्षकों का बड़ा आंदोलन: 10 दिसंबर से ज्ञापन अभियान, कई मांगों पर बड़ा निर्णय
Teachers Protest: सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने प्रांतीय बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की है। वेतन विसंगति, TET अनिवार्यता समाप्त करने और “मोदी की गारंटी” लागू करने की मांग को लेकर 10 से 15 दिसंबर तक सभी विधायकों-सांसदों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। विधानसभा-वार प्रभारी बनाए जाएंगे, आईटी सेल को सोशल मीडिया अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। जल्द ही पदोन्नति, क्रमोन्नति और अन्य स्थानीय समस्याओं पर संभागीय बैठकें होंगी।
कोरबा में BALCO G-9 प्रोजेक्ट पर रोक: भूमिपूजन के बाद DFO की कार्रवाई से गरमायी राजनीति
BALCO: कोरबा में BALCO के G-9 बहुमंजिला आवासीय प्रोजेक्ट पर DFO ने निर्माण रोकने का आदेश जारी किया है। हाल ही में मंत्री लखनलाल देवांगन ने प्रोजेक्ट का भूमिपूजन किया था, लेकिन पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने पर्यावरण, राजस्व और वन कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए शिकायत की। जांच टीम गठन के साथ प्रोजेक्ट पर स्टे लगा दिया गया है। इससे जिले की राजनीति फिर गरमा गई है।
मानव तस्करी का मामला: सरगुजा की दो युवतियों को उज्जैन में बेचा, एक बरामद
Human Trafficking: सरगुजा की दो लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर उज्जैन ले जाकर ढाई लाख रुपये में बेच दिया गया। एक युवती को एक सप्ताह तक बंधक बनाकर रखा गया, शोर मचाने पर पुलिस ने छुड़ाया। परिजनों को सौंप दिया गया है। दूसरी युवती की तलाश जारी है। पुलिस ने चार आरोपियों पर FIR दर्ज कर जांच तेज की है।
रायपुर में भीषण आग: तीन सिलेंडर फटे, पूरा मकान जलकर राख- पीड़ितों ने मांगी सहायता
Fire Accident: रायपुर के गणेश नगर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने चार कमरे, गैस सिलेंडर, गहने, कपड़े, नकदी और जरूरी दस्तावेज पूरी तरह जला दिए। तीन सिलेंडर फटने से मकान का पहला फ्लोर ढह गया। मजदूर परिवारों का सारा सामान नष्ट हो गया है। पीड़ितों ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।



