CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें सीएम का ऐलान होली पर बंद रहेगी शराब दुकान, अरपा-भैंसाझार में इंजीनियर सस्पेंड, समग्र शिक्षा की 82 लाख राशि अटकी, भिलाई में ऑल इंडिया पुलिस तीरंदाजी, कांकेर में IED निष्क्रिय, हाईकोर्ट ने बिजली चोरी सजा बरकरार रखी, हाउसिंग बोर्ड छूट ऑफर, ट्रेनों का बदला रूट, यूरिया कालाबाजारी पर 2 करोड़ का स्टॉक जब्ती आदेश, शासकीय जमीन पर कब्जे की कोशिश नाकाम और अटल यूनिवर्सिटी सम्मेलन में ऊंघते रहे श्रोता समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

मुख्यमंत्री का गिरौदपुरी में बड़ा ऐलान: होली पर ‘ड्राई डे’ रहेगा बरकरार

Dry day on Holi: पवित्र धार्मिक स्थल गिरौदपुरी पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट कर दिया है कि आगामी होली के त्यौहार पर शराब बंदी (ड्राई डे) के नियमों में कोई ढील नहीं दी जाएगी। सीएम ने कहा कि पूर्व निर्धारित नियमों के अनुसार ड्राई डे सख्ती से लागू रहेगा। गिरौदपुरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आध्यात्मिक गुरुओं का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं भी कीं।

अरपा-भैंसाझार घोटाला: एसडीएम के बाद अब SDO और सब-इंजीनियर सस्पेंड

अरपा-भैंसाझार परियोजना में हुए 3.42 करोड़ रुपये के भू-अर्जन घोटाले में कार्रवाई की आंच अब जल संसाधन विभाग तक पहुंच गई है। तत्कालीन एसडीएम आनंद रूप तिवारी के निलंबन के बाद अब विभाग के तत्कालीन एसडीओ और उप-अभियंता (सब-इंजीनियर) को भी सस्पेंड कर दिया गया है। जांच में खुलासा हुआ था कि चकरभाठा नहर निर्माण के लिए एक ही खसरे का रकबा बदल-बदल कर फर्जी मुआवजा बांटा गया था।

मुंगेली: 41 स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा की 82 लाख की राशि अटकी

मुंगेली जिले के 41 स्कूलों के बच्चों का भविष्य फाइलों में उलझा हुआ है। सत्र 2025-26 के लिए व्यावसायिक शिक्षा (Vocational Education) के वास्ते स्वीकृत 82 लाख रुपये की राशि अब तक स्कूलों तक नहीं पहुंची है। बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, लेकिन छात्र लैब मरम्मत, इंटरनेट और प्रयोगात्मक सुविधाओं से वंचित रहे। नवंबर 2025 में मंजूरी मिलने के बावजूद पीएफएमएस पोर्टल पर फंड की लिमिट जारी न होना विभाग की बड़ी लापरवाही मानी जा रही है।

भिलाई में 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज

Archery Competition: छत्तीसगढ़ पुलिस को पहली बार अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। 23 से 27 फरवरी तक भिलाई में चलने वाले इस आयोजन में देश भर से 29 टीमें और लगभग 450 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें आईबी, रॉ और सीबीआई जैसे संगठनों की टीमें भी शामिल हैं। प्रतियोगिता के सफल संचालन की जिम्मेदारी सशस्त्र बल के डीआईजी सदानंद कुमार को सौंपी गई है, जिसका समापन मुख्यमंत्री साय करेंगे।

सुरक्षाबलों की सतर्कता: कांकेर-नारायणपुर सीमा पर 7 किलो का IED बरामद

नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत डीआरजी (DRG) और बीएसएफ (BSF) की संयुक्त टीम ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। रविवार को सर्चिंग के दौरान कुरकुंज इलाके के जंगल में 5 से 7 किलो वजनी प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया गया। सुरक्षाबलों को नुकसान पहुँचाने के इरादे से लगाए गए इस बम को बम निरोधक दस्ते (BDS) ने सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया है।

हाई कोर्ट का सख्त रुख: बिजली चोरी के आरोपी की सजा बरकरार

CG High Court: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने बिजली चोरी के एक पुराने मामले में कवर्धा के आरोपी विक्की गुप्ता की अपील खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा की पीठ ने कहा कि मीटर को बायपास कर बिजली चोरी करना एक गंभीर अपराध है और बिजली कंपनी की सतर्कता टीम द्वारा तैयार पंचनामा व दस्तावेजी साक्ष्य पूरी तरह विश्वसनीय हैं। कोर्ट ने निचली अदालत द्वारा दी गई सजा को उचित ठहराया है।

हाउसिंग बोर्ड की करोड़ों की संपत्ति जाम; राजनांदगांव-डोंगरगढ़ में 10% की छूट

CG Housing Board: राजनांदगांव और डोंगरगढ़ में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की करीब 2.5 करोड़ रुपये की संपत्ति खरीदार न मिलने के कारण फंसी हुई है। साल 2012 में बनाए गए 114 मकान अब तक नहीं बिक पाए हैं। बोर्ड अब अपनी लागत निकालने के लिए इन मकानों पर 10 प्रतिशत की छूट दे रहा है, जो दिसंबर तक लागू रहेगी। साथ ही, बोर्ड रेवाडीह और कौरिनभांठा में नए फ्लैट सिस्टम बनाने की तैयारी में भी जुटा है।

अंबिकापुर में यूरिया की कालाबाजारी पर स्ट्राइक: 2 करोड़ का स्टॉक जब्त

Black Marketing of urea: खाद की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ अंबिकापुर प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर विजय ट्रेडिंग की दुकान और गोदाम को सील कर दिया गया है। अनुमान है कि यहां रखे करीब 2 करोड़ रुपये के खाद को राजसात किया जाएगा। एसडीएम फागेश सिन्हा के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम इस पूरी जब्ती प्रक्रिया की निगरानी कर रही है।

रेल यात्रियों के लिए अलर्ट: सिग्नलिंग कार्य के चलते ट्रेनों के मार्ग बदले

उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में चल रहे सिग्नलिंग कार्य के कारण छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। 25 फरवरी 2026 को गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग चुनार-प्रयागराज होकर चलेगी। इसी तरह, दुर्ग-नौतनवा एक्सप्रेस भी मानिकपुर-सुल्तानपुर के रास्ते जाएगी। रेल प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले समय-सारणी की जांच अवश्य कर लें।

अटल यूनिवर्सिटी में वीसी सम्मेलन: गंभीर चर्चा के बीच सोते दिखे श्रोता

Atal University: बिलासपुर की अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी में आयोजित कुलपति (VC) सम्मेलन के दौरान एक अजीब नजारा देखने को मिला। जहाँ एक ओर मंच पर राज्यपाल और वरिष्ठ शिक्षाविद नई शिक्षा नीति और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता पर गंभीर विमर्श कर रहे थे, वहीं सभागार में बैठे कई छात्र और श्रोता गहरी नींद में नजर आए। राज्यपाल की मौजूदगी में इस तरह की उदासीनता सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

Also Read: CG Legislative Assembly Budget Session 2026: छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र में पेश होगा धर्मांतरण विरोधी बिल, सदन में हंगामे के आसार

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button