CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, खराब सड़क विवाद से मंत्री का काफिला लौटा, संविदा कर्मचारियों का आंदोलन, नए विधानसभा भवन जल्द होगा तैयार, महिला समूहों को रेडी टू ईट की जिम्मेदारी फिर से, नक्सली गिरफ्तार, तेंदूपत्ता घोटाले में गिरफ्तारी और सांप के डसने से मां-बेटी की मौत की दर्दनाक घटना समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
महिला समूहों को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी, रेडी टू ईट बनाने का काम वापस मिला
CG Ready-to-Eat: मोदी सरकार की गारंटी पर छत्तीसगढ़ में एक और फैसला हकीकत बन गया है। अब राज्य में महिला स्व-सहायता समूहों को फिर से रेडी टू ईट (Ready to Eat) फूड तैयार करने का काम सौंपा गया है। इसकी शुरुआत रायगढ़ जिले से की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ये कदम एक तीर से दो निशाने सरीखा है — एक ओर बच्चों का पोषण अभियान मजबूत होगा, दूसरी ओर महिलाएं आर्थिक रूप से और भी मजबूत बनेंगी।
सितंबर तक तैयार होगा नया विधानसभा भवन, फर्नीचर-इंटीरियर पर काम जोरों पर
New CG Assembly Building: छत्तीसगढ़ की राजनीति का नया ठिकाना सितंबर तक तैयार हो जाएगा। नवा रायपुर में बन रहे विधानसभा भवन का सिविल वर्क खत्म हो चुका है। अब इंटीरियर और फर्नीचर का काम तेजी से चल रहा है। डिप्टी सीएम अरुण साव ने खुद जाकर निर्माण का जायजा लिया और अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ये भवन छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पहचान को दर्शाएगा।
सुकमा में बड़ी कार्रवाई, इनामी समेत 6 नक्सली पकड़ाए
Sukma Naxali Arrested: सुरक्षा बलों ने एक बार फिर नक्सलियों को करारा झटका दिया है। कोंटा और भेज्जी क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में 6 नक्सलियों को पकड़ा गया है, जिनमें से दो पर इनाम भी था। इनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद हुआ है। इलाके में अब फिर से सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
डोंगरगढ़ में गिरा विशाल पत्थर, मां बम्लेश्वरी मंदिर जाने वाला रास्ता बंद
Dongargarh Accident: मां बम्लेश्वरी की पहाड़ी से सोमवार को अचानक एक बड़ी चट्टान नीचे गिर गई। इससे मंदिर तक जाने वाली नई सीढ़ियों का हिस्सा बुरी तरह टूट गया। गनीमत ये रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन इससे ब्लास्टिंग और कटाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अब रास्ता बंद कर दिया गया है और प्रशासन जांच में जुटा है।
छत्तीसगढ़ में खाद, बीज और कीटनाशकों की सख्त जांच जारी
CG Fertilizer Seeds Test: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कृषि विभाग ने प्रदेश में खाद, बीज और कीटनाशक औषधियों की गुणवत्ता जांच तेज कर दी है। खरीफ सीजन 2025 के तहत अब तक 6,245 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 297 नमूने अमानक पाए गए हैं। इनमें 245 बीज, 45 उर्वरक और 7 कीटनाशक शामिल हैं। 1,142 नमूनों की जांच प्रक्रिया अभी जारी है। जिला स्तर पर अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं और जांच के लिए सैंपल एकत्रित किए जा रहे हैं।
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में 50 नए टाउन प्लानर पदों पर होगी भर्ती
CG NEW JOB: छत्तीसगढ़ सरकार ने शहरी विकास को नई दिशा देने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को गति देने के उद्देश्य से टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में 50 अतिरिक्त टाउन प्लानर पदों का सृजन किया है। इनमें उप संचालक योजना के 10, सहायक संचालक योजना के 17 और वरिष्ठ योजना सहायक के 23 पद शामिल हैं। यह कदम नीति आयोग और भारत सरकार की अर्बन प्लानिंग रिफॉर्म्स रिपोर्ट के तहत शहरी नियोजन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है, जिससे स्मार्ट सिटी, अमृत मिशन, प्रधानमंत्री गति शक्ति और अन्य योजनाओं को मजबूती मिलेगी। साथ ही, राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित स्टेट कैपिटल रीजन की परिकल्पना भी साकार हो सकेगी।
तखतपुर में चक्काजाम: खराब सड़कों के विरोध में उतरे युवक, केंद्रीय राज्य मंत्री का काफिला लौटाया
Road blockade in Takhatpur: नगर की जर्जर सड़कों से परेशान युवाओं का आक्रोश गुरुवार को फूट पड़ा। मुंगेली-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर युवाओं ने चक्काजाम कर दिया। इसी दौरान उसी मार्ग से गुजर रहे केंद्रीय शहरी आवासन राज्य मंत्री तोखन साहू का काफिला भी जाम में फंस गया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री को रास्ता देने से इनकार कर दिया, जिससे उनका काफिला बिना संवाद के ही यू-टर्न लेकर बिलासपुर लौट गया।
NHM संविदा कर्मचारियों का बड़ा आंदोलन: 10 से 17 जुलाई तक प्रदर्शन, विधानसभा घेराव भी शामिल
CG NHM Protest: छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के करीब 16 हजार संविदा कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 10 जुलाई से 17 जुलाई तक चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। इस प्रदर्शन में विधानसभा घेराव भी शामिल है। उनकी प्रमुख मांगों में ग्रेड पे, वेतन विसंगति, पब्लिक हेल्थ कार्ड और जॉब सुरक्षा शामिल हैं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी ने बताया कि कर्मचारियों ने कई बार मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा, मई 2025 में एकदिवसीय और जुलाई 2024 में दो दिवसीय धरना भी दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
EOW की कार्रवाई: तेंदूपत्ता बोनस घोटाले में राजशेखर पुराणिक गिरफ्तार
CG Tendupatta Bonus Scam: छत्तीसगढ़ में हुए 7 करोड़ के तेंदूपत्ता बोनस घोटाले में EOW ने एक और आरोपी राजशेखर पुराणिक को गिरफ्तार किया है। वह फुलबगड़ी सहकारी समिति के प्रबंधक और सुकमा लघु वनोपज यूनियन में पर्यवेक्षक थे।
यह घोटाला 2021-22 के सीजन का है, जिसमें बिना वैध संविदा के निजी व्यक्तियों को भुगतान कर संग्राहकों का हक छीना गया। मामले में IPC की धारा 409 और 120B के तहत केस दर्ज है।
जमीन पर सो रही मां-बेटी को सांप ने डसा, इलाज के दौरान दोनों की मौत
Balodabazar News: बलौदाबाजार ग्राम ठाकुरदिया में बरसात के बीच एक मां-बेटी की सर्पदंश से दर्दनाक मौत हो गई। सतवती पारधी और उसकी मासूम बेटी देविका, जमीन पर सो रही थीं तभी जहरीले सांप ने दोनों को डस लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां देविका की मौत हो गई, और कुछ घंटों बाद सतवती ने भी दम तोड़ दिया। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब थी, चारपाई तक नहीं होने के कारण पूरा परिवार जमीन पर सोता था। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।



