CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ को स्वच्छता में राष्ट्रीय सम्मान, विकास के लिए लॉन्च हुआ विजन 2047, स्वास्थ्य सेवाओं हेतु 151 नई गाड़ियां रवाना, कोरबा में रिश्वत लेते शिक्षक गिरफ्तार, 45 साल बाद नक्सली दंपती ने किया आत्मसमर्पण, कोंडागांव की रंजीता ने जीता गोल्ड मेडल, रायपुर में राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप, बिजली दरों में बढ़ोतरी पर विरोध प्रदर्शन समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
स्वच्छता में छत्तीसगढ़ टॉप पर, तीन शहरों को मिली राष्ट्रीय पहचान
CG Tops cleanliness: स्वच्छ सर्वेक्षण 2024‑25 में छत्तीसगढ़ ने बड़ी उपलब्धि दर्ज की। नई दिल्ली के समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राज्य के सात नगरीय निकायों को सम्मानित किया। इन पुरस्कारों को उप-मुख्यमंत्री अरुण साहू और विजेता निकायों के महापौर/अध्यक्षों ने ग्रहण किया। विशेष रूप से अंबिकापुर, पाटन और विश्रामपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-20% शहरों में जगह बना ली—स्वच्छता सुपर लीग (SSL) में यह शानदार प्रदर्शन माना गया। वहीं राजधानी रायपुर को “Promising Clean City” का पदक मिला।
छत्तीसगढ़ अंजोर विज़न@2047: विकास का नया रोडमैप लॉन्च
Anjor Vision 2047 launched: नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लॉन्च किया “छत्तीसगढ़ अंजोर विज़न@2047” दस्तावेज। यह सिर्फ शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि एक ठोस रोडमैप है—आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में इनका कहना है कि यह रणनीति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत@2047” के सपने को सीढ़ी देता है और राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल कराएगी।
बस्तर में जापानी बुखार का कहर, दो बच्चों की मौत से हड़कंप
Japanese Encephalitis kills kids: मानसून ने आते ही बस्तर में मलेरिया, डेंगू और जापानी इंसेफेलाइटिस (JE) की चपेट बढ़ा दी है। जनवरी से अब तक 19 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें दो बच्चों की मौत हो गई—जिनकी रिपोर्ट का इंतजार है। डॉ. अनुरूप साहू के अनुसार, JE खासकर बच्चों को प्रभावित करता है। बचाव के लिए वह कोविड की तरह मच्छरदानी, छिड़काव और स्वच्छता की सलाह दे रहे हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिली रफ्तार, 151 नए वाहन रवाना
151 new health vehicles: स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 151 नई स्वास्थ्य गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई। ये वाहन सुदूर बस्तर और सरगुजा क्षेत्रों में पहुंचेंगे। पुरानी गाड़ियों को हटाकर आधुनिक वाहनों से लैस इस प्रयास से राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और समय पर इलाज को नई संभावनाएँ मिलेंगी।
बिजली दरों में बढ़ोतरी पर कांग्रेस का लालटेन प्रदर्शन
Congress protests electricity hike: बिजली बिलों में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। 17 जुलाई को बूढ़ापारा के CSPDCL कार्यालय में नेता–कार्यकर्ता लालटेन लेकर गए और अधिकारी का पंखा-बत्ती बंद कर ज्ञापन सौंपा।
पूर्व मेयर एजाज ढेबर ने आरोप लगाया कि “बीजेपी सरकार आम जनता को लूट रही है।” उन्होंने कहा, “पिछली कांग्रेस सरकार की ‘घरेलू बिजली बिल आधा’ योजना से लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिली थी।”
कोंडागांव की रंजीता ने ताइवान में लहराया गोल्ड, CM ने दी बधाई
Kondagaon Ranjita wins gold: कोंडागांव की बेटी ने ताइपे (ताइवान) में आयोजित एशियन कैडेट जूडो चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। मुख्यमंत्री साय ने उन्हें बधाई दी और कहा कि वह राज्य की नई प्रेरणा हैं। रंजीता को जिला बाल संरक्षण इकाई व महिला एवं बाल विकास विभाग का भी समर्थन मिला। उनके प्रशिक्षण में ITBP की भी अहम भूमिका रही।
कोरबा में ट्रांसफर के नाम पर रिश्वत लेते शिक्षक गिरफ्तार
Teacher Caught Taking Bribe: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक शिक्षक को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी शिक्षक विनोद कुमार सांडे, जो समग्र शिक्षक फेडरेशन का जिला अध्यक्ष भी है, ने एक महिला शिक्षक का ट्रांसफर रुकवाने के बदले में पैसे मांगे थे। शिकायत मिलने पर बिलासपुर ACB ने कार्रवाई की और कोरबा के निहारिका क्षेत्र में आरोपी को घूस लेते हुए ट्रैप कर लिया। खास बात ये रही कि शिक्षक खुद शिकायतकर्ता के घर रिश्वत लेने पहुंचा था।
नक्सली दंपती का ऐतिहासिक सरेंडर, 45 साल बाद तोड़ा नाता
Naxalite Couple Surrenders: दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी से जुड़े नक्सली दंपती माला संजीव (लंके दादा) और दीना ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। ये दोनों लंबे समय से मार्यवाद की विचारधारा का प्रचार करते थे।
पुलिस के अनुसार आंतरिक दबाव व संगठन में दरार ने उन्हें आत्मसमर्पण की राह पर ला दिया। अब उन्हें पुनर्वास योजना के तहत सहायता दी जाएगी—आत्मसमर्पण सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी रणनीतिक जीत है।
रायपुर में किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप का आग़ाज़, 1500 खिलाड़ी शामिल
Kickboxing championship Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 का शुभारंभ हुआ। इस भव्य आयोजन का उद्घाटन खेल मंत्री टंक राम वर्मा, भाजपा के संगठन मंत्री पवन साय और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने संयुक्त रूप से किया। इस चैंपियनशिप का आयोजन किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे खेल मंत्री टंक राम वर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी का माता कौशल्या की धरती और भगवान राम के ननिहाल में स्वागत है। देश के 33 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के खिलाड़ी इस आयोजन में शामिल हुए हैं। 1200 खिलाड़ी और 300 अधिकारी सहित कुल 1500 प्रतिभागी शामिल होंगे।
रायपुर में स्मार्ट मीटर के नाम पर 10 लाख की ठगी, NGO सचिव से हुआ बड़ा फ्रॉड
Smart meter scam in Raipur: रायपुर में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। आकार फाउंडेशन के सचिव डॉ. महेश मिश्रा से खुद को जीनस कंपनी का ठेकेदार बताकर एक शख्स ने 10 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपी की पहचान लोकेश ठाकुर के रूप में हुई है। डॉ. मिश्रा ने बताया कि अगस्त 2024 में जगदलपुर निवासी उनके परिचित के माध्यम से यह मामला शुरू हुआ। रायपुर में आरोपी से मुलाकात के बाद उसने एग्रीमेंट के नाम पर चेक और नकद राशि ली। शुरू में 2 लाख का चेक, दो ब्लैंक चेक और 4 लाख नकद देने के बाद भी कोई काम शुरू नहीं हुआ। बहानेबाज़ी के बाद जब डॉ. मिश्रा ने और दबाव डाला, तो जगदलपुर सर्किट हाउस में लोकेश ने 4 लाख रुपये और वसूले, लेकिन स्मार्ट मीटर लगाने का कोई काम अब तक शुरू नहीं किया गया।



