CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी, ओलंपिक संघ की बैठक, सतनामी समाज को 1 करोड़ की सौगात, नक्सल ऑपरेशन में सफलता, भारत की सबसे स्वच्छ नगर पंचायत बिल्हा, छत्तीसगढ़ में बनेगा धर्मांतरण रोकथाम कानून, माओवादी क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

मुख्यमंत्री साय की अगुवाई में ओलंपिक संघ की बैठक, खेलों को बढ़ावा देने निवेशकों को जोड़ा जाएगा

Chhattisgarh Olympic Association Meeting,:रायपुर के बूढ़ातालाब स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक आयोजित हुई। इस बैठक की अध्यक्षता खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। बैठक में सांसद विजय बघेल उपाध्यक्ष के तौर पर मौजूद रहे, वहीं खेल मंत्री टंकराम वर्मा भी शरीक हुए।

मुख्यमंत्री साय ने बैठक को उत्साहजनक और सकारात्मक बताते हुए जानकारी दी कि प्रदेश के खेलों को नई ऊंचाई देने के लिए अब निजी क्षेत्र को साथ लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उद्योगपतियों और निवेशकों को खेल विकास से जोड़ने की पहल की जा रही है, जैसा कई अन्य राज्यों में पहले से हो रहा है।

आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी, NSUI ने जताया विरोध, दोबारा परीक्षा की मांग

Excise Constable Exam: रविवार को आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में व्यापम की अव्यवस्था उजागर हो गई। प्रदेशभर के सैकड़ों अभ्यर्थियों को मामूली कारणों – जैसे कपड़े का रंग, कॉलर का डिजाइन या फुटवियर – के चलते परीक्षा देने से रोक दिया गया। रायपुर के टाटीबंध स्थित आदर्श कॉलेज में सबसे ज्यादा हंगामा देखने को मिला, जहां NSUI के राष्ट्रीय सचिव हनी बग्गा भी विरोध जताने पहुंचे। विरोध कर रहे छात्र संगठनों ने दोबारा परीक्षा कराने की मांग की है। छात्रों का आरोप है कि व्यापम ने पहले ही निर्देशों में अस्पष्टता बरती, जिसका खामियाजा अब हजारों युवा भुगत रहे हैं।

बीजापुर में नक्सलियों पर बड़ी कार्रवाई, 17 लाख के इनामी चार माओवादी ढेर

Bijapur Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। बासागुड़ा और गंगालूर थाना क्षेत्र की सीमा पर हुई मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। सभी माओवादी दक्षिण सब जोनल ब्यूरो के सक्रिय सदस्य थे और इन पर कुल 17 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने बताया कि यह मुठभेड़ 26 जुलाई की शाम को शुरू हुई थी, जो देर शाम तक जारी रही। मुठभेड़ के बाद इलाके की सर्चिंग में भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और नक्सल साहित्य बरामद किया गया।

केंद्रीय मंत्री से मिले सीएम साय, माओवादी क्षेत्रों में विकास और डिजिटल सेवाओं पर हुई चर्चा

CM Sai meets Union Minister: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. चन्द्रशेखर पेम्मासानी से मुलाकात की। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, आदिवासी अंचलों में डिजिटल और संचार सुविधाओं के विस्तार को लेकर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख पक्के मकानों को मंजूरी दी थी। साय ने कहा कि प्रदेश में 1,460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र खोले जा चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को बैंकिंग जैसी सेवाएं आसानी से मिल रही हैं।

17 सूत्रीय मांगों को लेकर 28 जुलाई से चरणबद्ध प्रदर्शन करेंगे तहसीलदार-नायब तहसीलदार

Tehsildar Protest: छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले प्रदेश के तहसीलदार और नायब तहसीलदार 28 जुलाई से तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन पर जा रहे हैं। “संसाधन नहीं तो काम नहीं” के नारे के साथ शुरू हो रहे इस आंदोलन का समापन 30 जुलाई को राज्य स्तरीय प्रदर्शन से होगा।

संघ का कहना है कि लंबे समय से कार्यक्षमता, संसाधन की कमी, पदोन्नति और प्रशासनिक संरचना में सुधार की मांगें की जा रही थीं, लेकिन शासन ने अब तक इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

विधानसभा में लाया जाएगा धर्मांतरण रोकथाम कानून, सीएम साय ने की घोषणा

Anti-Conversion Law: धर्मांतरण की बढ़ती घटनाओं को लेकर अब छत्तीसगढ़ सरकार सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। रायपुर के शदाणी दरबार में आयोजित हिंदू राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की कि आगामी विधानसभा सत्र में नया धर्मांतरण कानून पेश किया जाएगा। साय ने यह भी कहा कि राज्य में आवारा गायों को लेकर भी सरकार गंभीर है। गौशालाओं को दी जाने वाली राशि को 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख किया गया है, ताकि नगरीय क्षेत्रों में भी पशुओं की देखभाल सुनिश्चित की जा सके।

रायपुर IG की सख्ती: नशा, साइबर क्राइम पर कार्रवाई के निर्देश

Anti-Conversion Law: रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने पांच जिलों के SP और ASP के साथ बैठक कर हाई प्रोफाइल नशा तस्करी और साइबर अपराध पर सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। उन्होंने NDPS एक्ट के मामलों में अफसरों को खुद लीड करने को कहा। सायबर ठगी रोकने के लिए तकनीकी टीम तैयार करने, मोबाइल नंबर ब्लॉक करने और बैंक खातों को फ्रीज कराने के भी आदेश दिए गए हैं। लंबित मामलों की समीक्षा में सामने आया कि पिछले 6 महीनों में 1850 से ज्यादा पुराने मामलों का निराकरण किया जा चुका है।

मेडिश्योर हॉस्पिटल का उद्घाटन, बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी उन्नत सुविधा अब रायपुर में

Medishore Hospital Inauguration: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के कमल विहार सेक्टर-11ए में मेडिश्योर हॉस्पिटल का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इस हॉस्पिटल में बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी आधुनिक सुविधा की उपलब्धता को उन्होंने राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी इस मौके पर कहा कि राज्य ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

सतनामी समाज को सौगात, सीएम साय ने बहुद्देशीय भवन के लिए 1 करोड़ की घोषणा की

Satnami Samaj Event: रायपुर में सतनामी समाज के प्रदेश स्तरीय शपथग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कई घोषणाएं कीं। उन्होंने राजधानी में बहुद्देशीय समाज भवन के लिए 1 करोड़ और गिरौदपुरी के अधूरे कार्यों के लिए 50 लाख रुपये मंजूर किए। साय ने कहा कि शिक्षा ही समाज का सबसे मजबूत आधार है, और राज्य सरकार समाज के मेधावी छात्रों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देगी। कार्यक्रम में 10वीं और 12वीं के श्रेष्ठ छात्रों को सम्मानित भी किया गया।

बिल्हा नगर पंचायत बनी भारत की सबसे स्वच्छ नगर पंचायत, पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में सराहा

Swachh Survekshan 2025: स्वच्छ सर्वेक्षण 2024‑25 में बिलासपुर जिले की बिल्हा नगर पंचायत (20,000 से कम जनसंख्या वर्ग) को पूरे भारत में सबसे स्वच्छ नगरीय निकाय घोषित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 17 जुलाई 2025 को Vigyan Bhawan, दिल्ली में यह पुरस्कार प्रदान किया इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ के 124वें संस्करण में बिल्हा नगर पंचायत की महिलाओं द्वारा स्वच्छता सुधार व नवाचार के प्रयासों की विशेष सराहना की ।

Also Read: बिरनपुर कांड में CBI की बड़ी दबिश: दो साल बाद 2 और गिरफ्तारी, गांव में तनाव, सुरक्षा बढ़ाई गई


दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button