CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें, सुशासन तिहार के नाम पर गड़बड़ी, कांग्रेस ने चक्काजाम के लिए नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी, CM साय और भूपेश बघेल में तीखी बयानबाज़ी, बीजापुर में IED ब्लास्ट से नाबालिग घायल, डायरिया से तिवारीपारा में दहशत, खैरागढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म, दोस्त ही निकला कातिल, स्वास्थ्य योजनाओं पर समीक्षा बैठक समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
सुशासन तिहार के नाम पर गड़बड़ी! 16 लाख के गबन की जांच शुरू
Mungeli Scam: मुंगेली ज़िले में सुशासन तिहार कार्यक्रम की आड़ में करीब 16 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। कांग्रेस पार्षद दीपक साहू की शिकायत पर कलेक्टर ने संज्ञान लिया और ज़िला स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया गया है। जांच दल ने पथरिया जनपद के सरपंच-सचिवों को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए और जरूरी दस्तावेज़ — कैशबुक, वाउचर फाइलें, जीपीडीपी, पासबुक — मंगवाए। इस जांच टीम में करारोपण अधिकारी दिनेश सिंगरौल, मनरेगा प्रोग्रामर नवीन जायसवाल और सहायक सांख्यिकी अधिकारी आशीष सिंह शामिल हैं। मामले की गंभीरता बढ़ती जा रही है, आगे बड़ी कार्रवाई संभव है।
चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस का चक्का जाम, नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
Chaitanya Baghel Arrest: 22 जुलाई को छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने नाकेबंदी और चक्का जाम का ऐलान किया है। ये विरोध चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के खिलाफ होगा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने इस आंदोलन की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है। रायपुर में इसकी कमान शिवकुमार डहरिया संभालेंगे।
रायपुर में किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप का समापन, बोले CM साय: खेल युवाओं को बनाते हैं मजबूत
Kickboxing Championship Raipur: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित वाको इंडिया राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 के समापन समारोह में हिस्सा लिया। देशभर के 28 राज्यों से आए 1200 खिलाड़ी और 300 कोचों का स्वागत करते हुए CM साय ने कहा — “खेल सिर्फ शरीर नहीं, आत्मा को भी मज़बूत बनाते हैं।” साथ ही उन्होंने आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ को चुने जाने पर फेडरेशन का आभार जताया।
स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा में जुटीं डॉ. प्रियंका शुक्ला, दिए TB-मलेरिया पर ठोस निर्देश
Health Review Chhattisgarh: दंतेवाड़ा में स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. प्रियंका शुक्ला ने समीक्षा बैठक ली। बैठक में मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़, सिकल सेल, और टीबी उन्मूलन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में जमीनी स्तर पर काम को तेज़ करने के निर्देश दिए।
कांग्रेस पर बरसे CM साय, बोले- “अब इनके पास कहने को कुछ नहीं बचा”
Vishnu Deo Sai Statement: दुर्ग में रूंगटा इंजीनियरिंग कॉलेज के कार्यक्रम में पहुंचे CM विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ईडी और जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर विश्वास रखा जाना चाहिए। कांग्रेस के लगाए गए आरोपों को उन्होंने “बचकाना” करार दिया।
भूपेश बघेल ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले- “झूठ का पुलिंदा है प्रेस कॉन्फ्रेंस”
Political Reaction: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर एयरपोर्ट पर भाजपा नेता केदार कश्यप की प्रेसवार्ता पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “हसदेव में पेड़ हमारी सरकार बनने से पहले ही कट चुके थे।” उन्होंने कोल ब्लॉक आवंटन और चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र पर सीधा हमला बोला।
बीजापुर में IED ब्लास्ट का शिकार हुआ नाबालिग, हालत गंभीर
District Hospital Treatment: बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम थाना क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED विस्फोट में एक नाबालिग लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। विस्फोट से उसके चेहरे और पैरों पर गहरी चोटें आई हैं। घायल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
54 साल का ‘साहेब’ तीन साल से कर रहा था नाबालिग का शोषण, गिरफ्तार
Khairagarh Crime News: खैरागढ़ से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। गांव का 54 वर्षीय व्यक्ति जिसे लोग ‘साहेब’ कहते हैं, चॉकलेट-आइसक्रीम का लालच देकर 3 साल तक नाबालिग से दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता की बहन की शिकायत पर आरोपी को 4 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
दोस्त ही निकला कातिल! शराब के नशे में की हत्या, पुलिस ने किया पर्दाफाश
Dhamdha Murder: धमधा थाना क्षेत्र के जाताघर्रा गांव में मजदूर मानसिंह वल्के की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। हत्या उसके दोस्त कैलाश बिसेन ने की। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में कैलाश ने पत्थर से सिर पर वार कर मानसिंह की जान ले ली। आरोपी अब जेल भेज दिया गया है।
डायरिया का कहर, 23 से ज्यादा लोग बीमार, स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर
Diarrhea Outbreak CG: खरौद के तिवारी पारा इलाके में डायरिया का प्रकोप बढ़ गया है। दूषित पानी पीने से अब तक 23 से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इलाके में कैंप लगाकर इलाज शुरू कर दिया है। लोग अभी भी डरे हुए हैं और इलाके में मेडिकल टीम तैनात है।
Also Read: VIDEO: डिप्टी सीएम को पसंद नहीं आया मीडिया का सवाल, जवाब देने की बजाय लौट गए मंत्रीजी



