
CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।
13 नक्सलियों ने छोड़ी हिंसा, थामा विकास का रास्ता
CG Naxal Surrender: बीजापुर से बड़ी खबर आई है जहां 13 हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। इन पर कुल 23 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे राज्य सरकार की पुनर्वास नीति की सफलता बताया है। उन्होंने कहा, “अब बंदूक नहीं, विकास ही भविष्य का रास्ता है।”
भिलाई स्टील प्लांट में फिर हादसा, बाल-बाल बचे दर्जनों मजदूर
Bhilai Steel Plant Fire Incident: दुर्ग के भिलाई स्टील प्लांट में शुक्रवार को गैस पाइपलाइन में आग लग गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वेल्डिंग का काम चल रहा था। आग की चपेट में एक मजदूर आया, जिसके सिर के बाल जल गए हैं। हालांकि समय रहते फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
30 जून को साय कैबिनेट की बैठक, अमिताभ जैन को दी जाएगी विदाई
Chief Secretary Amitabh Jain Farewell: मुख्य सचिव अमिताभ जैन का कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। उसी दिन कैबिनेट बैठक रखी गई है, जिसमें उन्हें औपचारिक विदाई दी जाएगी। नए मुख्य सचिव के नाम को लेकर कयास तेज हैं लेकिन सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
गैल्डर्स की दस्तक: सरगुजा में पहली बार दो घोड़े संक्रमित
Glanders Infection in Sarguja: उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पहली बार घोड़ों में गैल्डर्स नाम की खतरनाक बीमारी की पुष्टि हुई है। संक्रमित घोड़ों को नियमानुसार ज़हर देकर मारने का निर्णय लिया गया है ताकि संक्रमण न फैले। यह बीमारी इंसानों में भी फैल सकती है, इसलिए इसे गंभीर माना जा रहा है।
10वीं-12वीं के छात्र ध्यान दें: 30 जून तक करें द्वितीय मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन
CG Board 10th-12th Second Main Exam Application: छत्तीसगढ़ बोर्ड ने 10वीं-12वीं की मुख्य परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन के परिणाम जारी कर दिए हैं। जो छात्र असंतुष्ट हैं, वे 30 जून तक द्वितीय मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
युक्तियुक्तकरण में शिक्षकों को नहीं मिली राहत, हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी नामंजूरी
CG Teacher Rationalization: कोरबा जिले में युक्तियुक्तकरण के तहत स्थानांतरित शिक्षकों के आवेदन जिला स्तरीय समिति ने खारिज कर दिए हैं। हाईकोर्ट से राहत पाने वाले शिक्षक तुलसी राम कश्यप की अर्जी भी खारिज हो गई। कोर्ट ने समिति को सुनवाई का निर्देश दिया था, लेकिन आदेश के बावजूद शिक्षकों को राहत नहीं मिली।
हाईकोर्ट ने दहेज हत्या मामले में सुनाई उम्रकैद की सजा
Dowry Death Life Sentence High Court: जांजगीर-चांपा जिले की दहेज हत्या के एक मामले में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने दोषियों की उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा है। मृतक राधा बाई के मजिस्ट्रेट के सामने दिए गए बयान को कोर्ट ने सबसे अहम सबूत माना है।
7 जुलाई से मैनपाट में साय कैबिनेट का चिंतन शिविर, जेपी नड्डा करेंगे शुभारंभ
BJP Chintan Shivir Mainpat 2025: भाजपा छत्तीसगढ़ 7 से 9 जुलाई तक मैनपाट में तीन दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित करेगी। शिविर का उद्घाटन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे, जबकि समापन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उपस्थित रहेंगे। शिविर में भाजपा के जनप्रतिनिधियों को पार्टी की नीति और सिद्धांतों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
वन विभाग की ड्राइवर भर्ती में घोटाले की बू, लीक हुआ 17 पन्नों का पेपर
Forest Department Driver Recruitment Paper Leak: रायपुर में वन विभाग की ड्राइवर भर्ती प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। परीक्षा के कुछ घंटों बाद ही 17 पन्नों का पेपर लीक हो गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि राज्य के अन्य जिलों में बिना लिखित परीक्षा भर्ती हुई, लेकिन रायपुर में परीक्षा ली गई, वो भी संदिग्ध तरीके से।
कांग्रेस में संगठन पुनर्गठन की तैयारी, 7 जुलाई को खरगे की सभा में दिखेगा असर
CG Organization restructuring in Congress: छत्तीसगढ़ कांग्रेस अब संगठन को फिर से सक्रिय करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। 7 जुलाई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के लिए नेताओं को भीड़ जुटाने का टास्क मिला है। भीड़ के आंकड़ों के आधार पर नेताओं के जनाधार का मूल्यांकन भी किया जाएगा।



