CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें दिल्ली में छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्टार्टअप्स ने ट्राइबल कॉन्क्लेव में बिखेरा नवाचार का जलवा, केंद्रीय मंत्रियों ने की सराहना; 6 माह बाद पदोन्नत प्राचार्यों की पोस्टिंग के लिए 17 नवंबर से काउंसिलिंग शुरू; जल संरक्षण में मिसाल बना राजनांदगांव, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी सम्मानित; बस्तर छात्रावास में खौलते तेल से झुलसा मासूम, लापरवाही उजागर; रायपुर में ब्लिंकिट डिलीवरी स्टाफ की हड़ताल से ठप हुई सेवा; कोरबा में नशे में युवकों ने तहसीलदारों से की मारपीट, चार गिरफ्तार; अंबिकापुर में पॉश इलाके से सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, महिला दलाल समेत चार हिरासत में; निर्वाचन आयोग ने छुट्टियों पर लगाई रोक, कहा- गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं; अजय जामवाल मंत्रियों से ले रहे हैं कामकाज का वन-टू-वन फीडबैक; और DPIIT BRAP रैंकिंग में छत्तीसगढ़ बना ‘टॉप अचीवर’ राज्य समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
दिल्ली में छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्टार्टअप्स ने बिखेरा नवाचार का जलवा, केंद्रीय मंत्रियों ने की सराहना
CG Tribal Startups: नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ट्राइबल बिजनेस कॉन्क्लेव 2025 में छत्तीसगढ़ के जनजातीय स्टार्टअप्स ने अपने अभिनव उत्पादों और उद्यमिता मॉडल्स से सबका ध्यान खींचा। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और जुएल उरांव ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का निरीक्षण करते हुए स्टार्टअप्स की सराहना की। उन्होंने इन्हें जनजातीय अर्थव्यवस्था सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। राज्य निवेश आयुक्त ऋतु सेन ने जनजातीय क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
6 माह का इंतजार खत्म: पदोन्नत प्राचार्यों की पोस्टिंग के लिए 17 नवंबर से काउंसिलिंग शुरू
स्कूल शिक्षा विभाग ने हाईकोर्ट से बाधा खत्म होने के बाद पदोन्नत प्राचार्यों को बड़ी राहत दी है। व्याख्याता, व्याख्याता एलबी और प्रधान पाठक माध्यमिक ई संवर्ग से पदोन्नत हुए लगभग 1,000 प्राचार्यों की पोस्टिंग का इंतजार अब समाप्त हो गया है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा उनकी पदस्थापना के लिए 17 नवंबर से 21 नवंबर तक काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है। यह काउंसिलिंग राजधानी रायपुर के शासकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शंकरनगर में होगी, जिसमें रोज़ाना 250 प्राचार्यों को बुलाया जाएगा और उन्हें उनकी नई पदस्थापना दी जाएगी।
छात्रावास में दर्दनाक हादसा, खौलते तेल से झुलसा मासूम, खुली लापरवाही की पोल
Bastar Hostel Negligence: बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक के आदिवासी बालक छात्रावास में खाना बनाते समय एक छात्र खौलते तेल से बुरी तरह झुलस गया। अधीक्षक और रसोइया की अनुपस्थिति से छात्रों को खुद भोजन बनाना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि छात्रावासों की बदहाली और सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी लंबे समय से जारी है।
डिलीवरी स्टाफ की हड़ताल से ठप हुई सेवा, कर्मचारियों ने बताई नाराजगी की वजह
Blinkit Strike Raipur: रायपुर में ब्लिंकिट ऐप के 700 से अधिक डिलीवरी कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों का कहना है कि नई नीति के तहत वेतन कटौती और समय सीमा के दबाव में काम करना असुरक्षित हो गया है। हड़ताल के चलते शहरभर में सामान की डिलीवरी ठप पड़ी है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नशे में युवकों ने तहसीलदारों से की मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार
Korba Crime: कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत युवकों ने दो नायब तहसीलदारों से मारपीट की। शिकायत के बाद पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों पर मारपीट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पॉश इलाके में देह व्यापार का भंडाफोड़, पुलिस ने महिला दलाल समेत चार गिरफ्तार किए
Sex Racket Ambikapur: अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने किराए के मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा किया। छापेमारी में एक महिला दलाल सहित चार लड़कियां पकड़ी गईं। CSP के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से सरगुजा जिले में देह व्यापार के बढ़ते नेटवर्क पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है।
निर्वाचन आयोग का सख्त निर्देश, बिना अनुमति छुट्टी पर रोक
Election Duty Order: भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया है। आदेश के अनुसार, केवल मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की अनुमति से ही छुट्टी स्वीकृत होगी। यह निर्णय पुनरीक्षण कार्य की समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।
छत्तीसगढ़ को मिलेंगे तीन राष्ट्रीय जल पुरस्कार: राजनांदगाँव, कांकेर और रायपुर का सम्मान
National Water Award: केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय ने छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है, जिसमें छत्तीसगढ़ ने तीन राष्ट्रीय जल पुरस्कार जीतकर अपनी जल संरक्षण प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल द्वारा घोषित इन पुरस्कारों में, राजनांदगाँव जिले को पूर्वी जोन में सर्वश्रेष्ठ जिला घोषित किया गया है। इसके अलावा, कांकेर जिले की डूमरपानी ग्राम पंचायत को श्रेष्ठ ग्राम पंचायत श्रेणी में तीसरा स्थान मिला है, और रायपुर के कृष्णा पब्लिक स्कूल को सर्वश्रेष्ठ स्कूल श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जल समृद्ध भारत’ के दृष्टिकोण को साकार करने में राज्य की जन-भागीदारी और सतत जल प्रबंधन का प्रमाण है। पुरस्कार वितरण समारोह 18 नवंबर 2025 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि होंगी।
सुधारों में अव्वल रहा छत्तीसगढ़, बना ‘टॉप अचीवर’ राज्य
DPIIT BRAP Ranking 2025: छत्तीसगढ़ ने DPIIT BRAP रैंकिंग 2025 में देश के कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए ‘टॉप अचीवर’ का दर्जा प्राप्त किया। राज्य ने अब तक 434 सुधार लागू किए हैं, जिनमें जन विश्वास अधिनियम और भूमि अभिलेखों का स्वचालित म्यूटेशन प्रमुख हैं। इससे छत्तीसगढ़ ने सुशासन और उद्योग-अनुकूल नीतियों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
बिहार चुनाव से लौटे अजय जामवाल: संगठन महामंत्री मंत्रियों से ले रहे हैं कामकाज का वन-टू-वन फीडबैक
बीजेपी छत्तीसगढ़ कार्यालय में पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल मंत्रियों के साथ वन-टू-वन चर्चा कर रहे हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य सरकारी कामकाज, विभागों के क्रियान्वयन और जमीनी फीडबैक की गहन समीक्षा करना है। बीते दो महीनों तक बिहार विधानसभा चुनाव की रणनीति में सक्रिय रहने के बाद छत्तीसगढ़ लौटे जामवाल, अब डिप्टी सीएम अरुण साव और मंत्री रामविचार नेताम, दयालदास बघेल सहित अन्य नेताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं। यह बैठक सरकार और संगठन के बीच तालमेल मजबूत करने पर केंद्रित है, ताकि आने वाले महीनों में केंद्र और राज्य की योजनाओं को बड़े स्तर पर जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके और संगठन की गतिविधियों को गति दी जा सके।



