CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें माओवादी संगठन ने 30 नवंबर को छत्तीसगढ़ बंद बुलाया, आंध्र पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ के गंभीर आरोप; SIR प्रक्रिया पर सचिन पायलट का सवाल, BLO पर दबाव और जल्दबाज़ी पर उठी आपत्ति; सरकारी स्कूल में बच्चों से साइकिलों से भरा ट्रैक्टर चलवाने की बड़ी लापरवाही का वीडियो वायरल; सुकमा में IED व प्रेशर बम धमाकों में महिला आरक्षक घायल, सुरक्षा बलों ने सर्चिंग तेज की; बिलासपुर में छात्र की दो अलग-अलग मार्कशीट से बड़ा विवाद, DEO ने प्राचार्य से जवाब मांगा; मेडिकल कॉलेज मान्यता घोटाले में ED की देशभर में छापेमारी, रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज भी रडार पर; भारतमाला प्रोजेक्ट में केशकाल की 2.8 किमी ट्विन टनल का दूसरा हिस्सा तैयार, रायपुर–विशाखापट्टनम दूरी 124 किमी कम; नवा रायपुर में DG–IG कॉन्फ्रेंस से पहले SPG व IB ने कड़ा सुरक्षा घेरा संभाला, PM–HM–NSA होंगे शामिल; बढ़ती ठंड के बीच बिलासपुर में स्कूलों के समय में बदलाव, एक घंटे पहले छुट्टी समेत पढ़ें CG की सभी प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

छत्तीसगढ़ बंद का ऐलान: माओवादी संगठन ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए

Maoist Allegation: दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी ने प्रेस नोट जारी कर आंध्रप्रदेश पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाते हुए 30 नवंबर को छत्तीसगढ़ बंद का ऐलान किया है। संगठन ने दावा किया कि हिड़मा सहित 13 माओवादी फर्जी तरीके से मारे गए और माओवादी लीडर देवजी को गिरफ्तार कर गुप्त स्थान पर रखे जाने के बावजूद इसकी गिरफ्तारी सार्वजनिक नहीं की गई है। समिति का कहना है कि 50 से अधिक माओवादियों को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश नहीं किया गया, जो कानून का उल्लंघन है। हालिया मुठभेड़ की न्यायिक जांच की मांग करते हुए नक्सलियों ने विरोधस्वरूप बंद का आह्वान किया है।

SIR प्रक्रिया पर सचिन पायलट का सवाल, बोले– इतनी हड़बड़ी क्यों?

SIR Controversy: रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने SIR प्रक्रिया में की जा रही जल्दबाजी पर सवाल उठाया और कहा कि हर व्यक्ति को वोट का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि BLO पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है, जिसके कारण आत्महत्या जैसे मामले सामने आ रहे हैं। पायलट ने कहा कि तीन बार चुनाव लड़ चुके विधायक का नाम ही गलत जगह पहुंच जाता है, तो आम मतदाता पर क्या गुजरती होगी। उन्होंने SIR अवधि 4 दिसंबर से आगे बढ़ाने की मांग की है और जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों को जल्द घोषित करने की बात कही।

स्कूल की बड़ी लापरवाही: बच्चों से चलवाया गया साइकिलों से भरा ट्रैक्टर

School Negligence: सलौनीकला के सरकारी स्कूल में बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां शासन की योजना के तहत आई साइकिलों से लदे ट्रैक्टर को बच्चों से ही चलवाकर स्कूल भेजा गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पालकों में गुस्सा है और प्रभारी प्राचार्य कुमार चौहान पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बिना सुरक्षा और बिना निगरानी बच्चों से भारी वाहन चलवाना स्कूल प्रबंधन की बड़ी चूक मानी जा रही है। प्राचार्य ने इसे “थोड़ी सी गलती” बताया, लेकिन अभिभावक इसे बच्चों की जान से खिलवाड़ कह रहे हैं।

सुकमा में IED ब्लास्ट, महिला आरक्षक गंभीर रूप से घायल

IED Blast: सुकमा जिले के फूलबगड़ी क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन के दौरान महिला आरक्षक IED विस्फोट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना गोगुंडा के पहाड़ी इलाके में दोपहर 1:30 बजे हुई, जिसके बाद घायल जवान को प्राथमिक उपचार देकर हेलीकॉप्टर से रायपुर एयरलिफ्ट किया जा रहा है। सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है और पुलिस ने माओवादियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

छात्र की मार्कशीट में बड़ा विवाद, DEO ने मांगा प्राचार्य से जवाब

Marksheet Error: बिलासपुर के सरकंडा सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में एक छात्र की दो मार्कशीट में अलग-अलग परिणाम दर्ज मिलने से बड़ा मामला सामने आया है। रवि कुमार यादव को जारी पहले प्रमाण पत्र में पूरक परिणाम दर्शाया गया, जबकि दूसरी बार जारी प्रमाणपत्र में छात्र को अनुपस्थित बताया गया। इस गंभीर गड़बड़ी पर DEO ने प्राचार्य से तथ्यात्मक स्पष्टीकरण मांगा है और रिपोर्ट कलेक्टर व स्कूल शिक्षा संचालक को भेजी है। शिक्षा विभाग अब पूरे मामले की जांच कर रहा है।

मेडिकल कॉलेज मान्यता मामले में देशभर में ED की बड़ी कार्रवाई

ED Raid: मेडिकल कॉलेजों की मान्यता में कथित रिश्वतखोरी की जांच में ईडी ने देशभर के 15 ठिकानों पर छापेमारी की है, जिसमें छत्तीसगढ़ के रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज सहित सात बड़े मेडिकल संस्थान शामिल हैं। CBI की FIR के आधार पर ईडी ने यह कार्रवाई की है, जिसमें NMC अधिकारियों पर निरीक्षण से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक कर रिश्वत लेने के आरोप हैं। ईडी वित्तीय लेनदेन से जुड़े सबूत जुटा रही है।

केशकाल ट्विन टनल का दूसरा हिस्सा पूरा, 124 किमी कम होगी रायपुर–विशाखापट्टनम की दूरी

Twin Tunnel: भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रहे छत्तीसगढ़ के पहले ट्विन टनल का दूसरा हिस्सा भी पूरा हो गया है। 2.8 किमी लंबी यह टनल रायपुर से विशाखापट्टनम की दूरी 588 किमी से घटाकर 464 किमी कर देगी, जिससे सफर 14 घंटे से घटकर 7 घंटे का रह जाएगा। टनल में तीन-लेन सड़क, वेंटिलेशन सिस्टम, कैमरे, इमरजेंसी पासेज और सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। परियोजना को सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

रायपुर में DG-IG कॉन्फ्रेंस: देशभर के बड़े पुलिस अधिकारी जुटेंगे, सुरक्षा चाक-चौबंद

Security Alert: नवा रायपुर में होने जा रही DG-IG कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और NSA अजीत डोभाल की मौजूदगी को देखते हुए शहर में अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। 2000 से अधिक पुलिसकर्मी, 38 IPS/SPS अधिकारी और कई विशेष यूनिट तैनात की गई हैं। एयरपोर्ट से IIM तक बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा सक्रिय है और SPG व IB ने संयुक्त रूप से इंटीग्रेटेड सुरक्षा प्रोटोकॉल तैयार किया है। यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

सुकमा में फिर प्रेशर बम धमाका, महिला आरक्षक घायल

Pressure Bomb: केरलापाल थाना क्षेत्र में नए बने गोगुंडा कैंप से निकली सुरक्षा टीम प्रेशर बम की चपेट में आ गई, जिससे महिला आरक्षक दुर्गा मुचाकी घायल हो गईं। उनकी हालत खतरे से बाहर है और उन्हें रायपुर लाया जा रहा है। माओवादी अक्सर जंगलों और कच्चे रास्तों पर IED और बारूदी सुरंग लगाकर सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हैं। जिले में ऐसे कई हमले पहले भी हो चुके हैं।

ठंड बढ़ी, स्कूलों के समय में बदलाव- अब एक घंटे पहले होगी छुट्टी

School Timing: शीतलहर की चेतावनी के बीच बिलासपुर जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। अब सभी सरकारी और निजी स्कूल सुबह 8 बजे से खुलेंगे और शाम 4 बजे तक चलेंगे। ठंड को देखते हुए सुबह देर से खोलने और शाम जल्दी छुट्टी करने का निर्णय लिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अंबिकापुर 10°C से नीचे पहुँच चुका है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

Also Read: CG Plotting New Rules: किफायती जन आवास योजना-2025 के तहत दूसरी अधिसूचना जारी, अब 2 एकड़ में भी कॉलोनी विकसित करने की अनुमति, आम लोगों को होगा सीधा फायदा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button