CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ़्तारी की मांग तेज, रायपुर में फर्जी 1.5 करोड़ चांदी लूट का खुलासा, साइबर ठगी में 4 आरोपी गिरफ्तार, जिला अस्पताल में जेनरिक स्टोर बंद से हंगामा, भाई ने भाई की हत्या, अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर, मनी लॉन्ड्रिंग में रायपुर अव्वल, पुजारी परिवार को कोर्ट से राहत, भाजपा का ‘सहयोग केंद्र’ शुरू, TET अनिवार्यता के खिलाफ शिक्षकों का आंदोलन समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

सराफा कारोबारी ने खुद रची थी 1.5 करोड़ की चांदी लूट की साजिश

Fake Silver Loot Case in Raipur: राजधानी रायपुर में बीते शनिवार को हुई कथित 1.5 करोड़ की चांदी लूट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में खुलासा हुआ कि यह पूरी वारदात फर्जी थी, जिसे खुद सराफा कारोबारी ने रचा था। कारोबारी राहुल गोयल अग्रवाल ने दावा किया था कि गन-पॉइंट पर नकाबपोश बदमाशों ने उसके घर से 86 किलो चांदी लूट ली, मगर पुलिस जांच में न जबरन प्रवेश के निशान मिले, न ही कोई संदिग्ध CCTV फुटेज। सख्ती से पूछताछ करने पर कारोबारी ने कबूल किया कि उसने खुद यह कहानी सट्टे में हुए नुकसान की भरपाई के लिए गढ़ी थी।

साइबर ठगी के 4 आरोपी गिरफ्तार, 60 म्यूल बैंक अकाउंट से करोड़ों की ठगी का खुलासा

Raipur Police Operation Cyber Shield: ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत पुलिस ने बड़ा साइबर रैकेट पकड़ा है। उड़ीसा, गुजरात, बिलासपुर और रायपुर से चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। आरोपियों ने फर्जी मैट्रिमोनियल साइट्स जैसे erishtaa.com और jeevanjodi.com बनाकर सैकड़ों लोगों से करोड़ों की ठगी की। जांच में 60 म्यूल बैंक अकाउंट और चीनी नागरिकों से लिंक उजागर हुए हैं। पुलिस ने 50 मोबाइल, 10 डेस्कटॉप और सैकड़ों सिम जब्त किए हैं।

जिला अस्पताल में दोनों जेनरिक मेडिकल स्टोर बंद, मरीजों को भारी परेशानी

Kondagaon Hospital Issue: जिला अस्पताल परिसर में रविवार को दोनों जेनरिक मेडिकल स्टोरों पर ताले लटके मिले, जिससे मरीजों को महंगी दरों पर बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ीं। अस्पताल परिसर के भीतर धनवंतरी और जन औषधि स्टोरों का 24 घंटे खुला रहना अनिवार्य है, लेकिन लापरवाही के चलते दोनों बंद मिले। इससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं।

शराब के नशे में भाई ने भाई की कर दी हत्या, विवाद की वजह जमीन बंटवारा

Sarguja Murder Case बटईकेला गांव में शराब पीने के दौरान भाइयों में झगड़ा इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने जलावन लकड़ी से बड़े भाई के सिर पर वार कर हत्या कर दी। मृतक मुन्ना राम और आरोपी ठाकुर राम के बीच जमीन बंटवारे को लेकर विवाद था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

रायपुर में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, कई निर्माण ध्वस्त

Raipur Illegal Plotting: नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई में टेमरी क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चला। कई मकान और बाउंड्री वॉल तोड़े गए। SDM नंद कुमार चौबे ने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने साफ किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

राम मंदिर पुजारी परिवार को मिली राहत, एट्रोसिटी केस की कार्रवाई पर रोक

CG High Court Atrocity Case: हाईकोर्ट ने मनेन्द्रगढ़ के राम मंदिर के पुजारी और उनके परिवार के खिलाफ दर्ज एट्रोसिटी केस की कार्रवाई पर रोक लगाई है। कोर्ट ने कहा कि जब तक दोनों पक्षों की बात नहीं सुनी जाती, तब तक कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। मामला जातिगत टिप्पणी से जुड़ा है, और अदालत ने शिकायतकर्ता से जवाब मांगा है।

मनी लॉन्ड्रिंग जांच में रायपुर देशभर में अव्वल, 2,311 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज

Raipur ED Action: प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिपोर्ट में रायपुर जोनल ऑफिस देश में मनी लॉन्ड्रिंग जांच में सबसे आगे बताया गया है। महादेव सट्टा ऐप केस में 2,311 करोड़ की संपत्तियां फ्रीज की गईं, 13 गिरफ्तारियां हुईं और 160 से अधिक छापेमारी की गई। रायपुर ने दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों को पीछे छोड़ दिया है।

छत्तीसगढ़ भाजपा के ‘सहयोग केंद्र’ कल से फिर शुरू

छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यालय का ‘सहयोग केंद्र’ एक साल बाद सोमवार (6 अक्टूबर) से फिर शुरू होगा। पार्टी के मंत्री अब कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठेंगे और कार्यकर्ताओं तथा आम जनता की समस्याएँ सुनेंगे। इस फैसले को पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के हालिया विरोध प्रदर्शन की तैयारी से जोड़ा जा रहा है, जिसने बंद पड़े जनदर्शन कार्यक्रम पर सवाल खड़े किए थे। पहले दिन राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा दोपहर 2 से 5 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस कदम से यह सुनिश्चित करने का प्रयास है कि जनता की समस्याओं का तत्काल निराकरण हो सके।

42 लाख की धोखाधड़ी: कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी के लिए भाजपा ने घेरा एसपी कार्यालय

MLA Baleshwar Sahu: जैजैपुर से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ 42 लाख 78 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाद भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय पहुँचकर विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। विधायक पर किसान को केसीसी लोन दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये हड़पने का आरोप है। भाजपा के विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस पर विधायक की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है।

TET अनिवार्यता के खिलाफ शिक्षक संगठन एकजुट, राष्ट्रीय आंदोलन की तैयारी

TET Compulsory: सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के खिलाफ देशभर के शिक्षक संगठन एकजुट हो गए हैं, जिसमें शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को अनिवार्य किया गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष केदार जैन इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। शिक्षक संगठनों का मानना है कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर TET थोपना अन्यायपूर्ण है और इससे उनकी गरिमा को ठेस पहुँचेगी। शिक्षक इस आदेश के खिलाफ राष्ट्रीय आंदोलन की तैयारी में हैं।

Also Read: शिक्षकों के व्हाट्सएप ग्रुप में अश्लील वीडियो वायरल, महिला शिक्षकों की शिकायत के बाद 5 को नोटिस

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button