CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें भाजपा युवा नेता शराब तस्करी में गिरफ्तार, रायपुर में 44 लाख का डीजल-पेट्रोल जब्त, अंबिकापुर में चाकूबाजी से दहशत, देवभोग में भारी बारिश से 36 गांव कटे, सूरजपुर में फैली रहस्यमयी बीमारी, रायपुर में महिलाओं को मिलेगा रेडी-टू-ईट का काम, ग्रामीणों ने श्रमदान से बनाई सड़क, कर्मचारियों ने DA बढ़ाने की मांग तेज की, भंडारपुरी धाम में CM ने 162 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन, सुरक्षा बलों की सफलता और शाह के दौरे से पहले बढ़ा मनोबल समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

भाजपा युवा नेता शराब तस्करी में गिरफ्तार

Liquor Smuggling: कांकेर पुलिस ने गांधी जयंती के दिन अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। पखांजूर थाना क्षेत्र के शुभपल्ली में भाजपा के युवा नेता मिंटू सरकार उर्फ सोनू के किराए के मकान से 11 पेटी एमपी की अंग्रेजी शराब जब्त की गई। कुल 528 पौवा यानी 95.04 लीटर शराब की कीमत लगभग 63,360 रुपये आंकी गई है। पुलिस को मुखबिर से लगातार सूचना मिल रही थी कि आरोपी मध्यप्रदेश से शराब लाकर छत्तीसगढ़ में खपाता है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई जारी है।

भंडारपुरी धाम में गुरु दर्शन और संत समागम मेला

Guru Darshan Fair: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर जिले के आरंग तहसील स्थित भंडारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 162 करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाले 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया, जिनमें सड़क चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, डोम निर्माण और स्ट्रीट लाइट लगाना शामिल है। मुख्यमंत्री ने समाज के युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यदि पांच युवा पायलट बनना चाहेंगे तो उनका पूरा खर्च सरकार उठाएगी। उन्होंने गुरु घासीदास बाबा के आदर्शों पर चलकर ‘नए विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण की बात भी कही।

ग्रामीणों ने श्रमदान से बनाई सड़क

Road Construction: बस्तर जिले में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ ने सड़कों और पुलों को बहा दिया था, लेकिन 40 दिन गुजर जाने के बाद भी प्रशासन ने मरम्मत नहीं कराई। ऐसे में दो पंचायतों—सालेपाल और बारूपाटा—के ग्रामीणों ने खुद सड़क बनाने का बीड़ा उठाया। सुबह 6 बजे से ही महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवक रापा-तगाड़ी लेकर जुट गए। महिलाएं भोजन सामग्री लेकर आईं ताकि श्रमिकों को वहीं खाना मिल सके। ग्रामीणों का संकल्प है कि जब तक सड़क पूरी नहीं बन जाएगी, तब तक वे काम करते रहेंगे। यह उदाहरण आपदा प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल खड़े करता है।

कर्मचारियों ने DA बढ़ाने की मांग तेज की

DA Hike Demand: छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को 3% अतिरिक्त महंगाई भत्ता देने की मांग की है। फिलहाल राज्य में 55% DA दिया जा रहा है, जबकि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 58% DA दे रही है। फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि अगर मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 25 सितंबर को मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक में भी यह मुद्दा उठा था और कर्मचारियों को सकारात्मक आश्वासन मिला था।

बस्तर में 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर

Naxal Encounter: बस्तर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से पहले सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली। बीजापुर-दंतेवाड़ा-सुकमा के सीमावर्ती गमपुर इलाके में मुठभेड़ के दौरान गंगालूर एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य और 5 लाख का इनामी नक्सली आयतु पोडियाम मारा गया। उसके खिलाफ कई हत्या और लूट के मामले दर्ज थे। घटनास्थल से बीजीएल लांचर, बंदूक और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। अधिकारियों का कहना है कि शाह के दौरे से पहले इस कार्रवाई ने सुरक्षा बलों का मनोबल और बढ़ाया है।

सूरजपुर में फैली रहस्यमयी बीमारी, जांच में जुटा स्वास्थ्य विभाग

Surajpur Mysterious Disease: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ओडगी ब्लॉक के भाड़ी गांव में एक रहस्यमयी बीमारी फैलने से हड़कंप मच गया है, जहाँ पिछले कुछ दिनों में तीन ग्रामीणों की मौत हो चुकी है, जिनमें दो महिलाओं ने 2 अक्टूबर को दम तोड़ दिया। इस अज्ञात बीमारी से एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से बीमार हैं, जिनमें उल्टी और दस्त की शिकायतें हैं। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घर-घर जाकर जाँच शुरू की, जिसके बाद गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है; हालाँकि, डॉक्टरों का कहना है कि अब मरीजों की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन इस रहस्यमयी बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जाँच अभी भी जारी है और प्रशासन पूरी सतर्कता बनाए हुए है।

महिलाओं को मिलेगा रेडी-टू-ईट का काम

Women Empowerment: राजधानी रायपुर में आयोजित पॉलिसी वॉच इंडिया फाउंडेशन प्रोग्राम में सीएम विष्णु देव साय ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा ऐलान किया। जल्द ही स्वसहायता समूह की महिलाओं को रेडी-टू-ईट का काम सौंपा जाएगा। अब उनके प्रोडक्ट फ्लिपकार्ट जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिकेंगे। जशपुर का महुआ सिर्फ शराब के लिए नहीं बल्कि अब लड्डू, अचार और सैनिटाइजर के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा। सीएम ने कहा कि “महतारी वंदन योजना” का लाभ महिलाओं तक पहुंच रहा है और सरकार का लक्ष्य उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करना है।

अंबिकापुर में चाकूबाजी से दहशत

Knife Attack: अंबिकापुर के महामाया मंदिर परिसर में गुरुवार की रात एक युवक पर बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल युवक प्रिंस मंदिर में नारियल फोड़ने का काम करता था। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाल ही में पेट्रोल पंप में हत्या के बाद शहर में यह दूसरी बड़ी वारदात है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और पुलिस को तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए।

44 लाख का अवैध डीजल-पेट्रोल जब्त

Fuel Smuggling: रायपुर पुलिस ने थाना विधानसभा क्षेत्र के टेकारी चौक और पिरदा चौक में छापेमारी कर 46,840 लीटर अवैध डीजल-पेट्रोल जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 44.30 लाख रुपये है। कार्रवाई में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि यार्ड संचालक फरार हैं। तीन टैंकर, पाइप और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। आरोपियों के पास किसी प्रकार का वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने बीएनएस की धारा 287 और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

देवभोग में भारी बारिश से 36 गांव ब्लॉक मुख्यालय से कटे

Heavy Rain: गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र में लगातार बारिश से 36 गांवों का ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। बेलाट नाला और सुख तेल नदी उफान पर हैं, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। तहसीलदार के अनुसार, केवल गुरुवार को 471 मिमी बारिश दर्ज की गई। अमलीपदर में सबसे अधिक 101 मिमी वर्षा हुई। बिजली के खंभे टूटने से 100 गांवों में अंधेरा छा गया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में बेरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी है।

Also Read: धमतरी में ‘जलपरी बेबी’ का जन्म: डॉक्टरों का दावा- यह भारत का दूसरा ऐसा केस…

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button