CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बुजुर्ग महिला से 6 लाख की साइबर ठगी, माओवादी संगठन को दोहरा झटका, समोसा चटनी विवाद में मारपीट, अवैध धान से भरा ट्रेलर जब्त, भारतमाला घोटाले में अफसरों की जमानत खारिज, जशपुर में 20.53 करोड़ का आर्चरी सेंटर, चोर समझकर पीटे गए दलित की मौत, किसानों ने NH जाम कर मनवाई खरीदी केंद्र की मंजूरी, स्कूल में चोरी के चार आरोपी गिरफ्तार, रायपुर में पुलिसकर्मी के घर दिनदहाड़े चोरी समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
google पर सर्च कर लगाई बिजली विभाग को फेक नंबर से बुजुर्ग महिला से 6 लाख की साइबर ठगी
Online Fraud: दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला साइबर ठगी का मामला सामने आया है। रिसाली के मैत्री नगर में रहने वाली बुजुर्ग महिला मोनिसिजा चटर्जी बिजली विभाग की शिकायत दर्ज कराने के लिए गूगल पर हेल्पलाइन नंबर सर्च कर रही थीं। उन्होंने सर्च रिजल्ट में मिले एक मोबाइल नंबर पर कॉल किया, जहां खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताने वाले ठग ने 5 रुपये के “ऑनलाइन प्रोसेसिंग शुल्क” के नाम पर लिंक भेजा। महिला ने लिंक पर भुगतान किया, जिसके बाद अगले 24 घंटे में उनके बैंक खाते से ₹5,91,696 रुपए गायब हो गए। जब उन्होंने उस नंबर पर दोबारा संपर्क किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है। प्रारंभिक जांच में यह फिशिंग और फर्जी कॉल सेंटर नेटवर्क से जुड़ा मामला बताया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी विभाग का नंबर गूगल से नहीं, बल्कि केवल आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त करें।
माओवादी संगठन को दोहरा झटका, 40 साल पुराने दो टॉप लीडर ने छोड़ी हिंसा
Security Update: माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। संगठन के दो सीनियर लीडर केंद्रीय समिति सदस्य पल्लूरी प्रसाद राव उर्फ शंकरन्ना और तेलंगाना स्टेट कमेटी सदस्य बंदी प्रकाश उर्फ प्रभात ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया है। दोनों ने तेलंगाना DGP शिवधर रेड्डी के सामने आत्मसमर्पण करते हुए मुख्यधारा में लौटने की इच्छा जताई। जानकारी के अनुसार, पल्लूरी प्रसाद राव 45 वर्षों से और बंदी प्रकाश 42 वर्षों से माओवादी संगठन से जुड़े हुए थे। DGP ने दोनों का स्वागत करते हुए पुनर्वास योजना के तहत उन्हें आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए।
समोसा खाते समय चटनी मांगी तो दुकानदार ने कर दी पिटाई
Food Dispute: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अजीबोगरीब विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर स्थित राजू होटल में ग्राहक राजेश दुबे अपने दोस्तों के साथ समोसा खाने पहुंचे थे। जब उन्होंने दूसरी बार चटनी मांगी, तो दुकानदार भड़क गया और गाली-गलौज के बाद ग्राहक की पिटाई कर दी। घटना की शिकायत जामुल पुलिस में दर्ज की गई है। पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खरीदी शुरू होने से पहले पकड़ा गया अवैध धान से भरा ट्रेलर
Paddy Smuggling: समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होनी है, लेकिन उससे पहले ही रायगढ़ जिले के खरसिया में 800 बोरियों से भरा अवैध धान का ट्रेलर पकड़ा गया है। बानीपाथर रेलवे ओवरब्रिज पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने वाहन जब्त कर लिया। एसडीएम प्रवीण तिवारी के निर्देश पर खाद्य और मंडी विभाग की टीम ने मौके पर जांच की। वाहन के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन अब धान के स्रोत और मालिक की जांच कर रहा है।
भारतमाला परियोजना घोटाले में आरोपी अफसरों की अग्रिम जमानत खारिज
High Court Order: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भारतमाला परियोजना घोटाले से जुड़े राजस्व विभाग के अधिकारियों की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। मुख्य न्यायाधीश रमेशचंद्र सिन्हा की पीठ ने यह फैसला सुनाया। जिनकी याचिकाएं खारिज हुईं, उनमें तत्कालीन एसडीएम निर्भय कुमार साहू सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पटवारी शामिल हैं। ईओडब्ल्यू की जांच में खुलासा हुआ कि भूमि अधिग्रहण में मिलीभगत से करोड़ों की हेराफेरी हुई थी, जिससे सरकार को 600 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
जशपुर में बनेगा 20.53 करोड़ का आधुनिक आर्चरी सेंटर
Sports Development: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में जशपुर जिले में आधुनिक तीरंदाजी अकादमी स्थापित करने के लिए जिला प्रशासन और NTPC के बीच एग्रीमेंट हुआ है। यह प्रोजेक्ट CSR फंड से 20.53 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे युवाओं को तीरंदाजी के क्षेत्र में प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में पदक लाने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार करोड़ों की इनाम राशि प्रदान करेगी।
चोर समझकर ग्रामीणों ने पीटा, दलित व्यक्ति की मौत
Mahasamund News: महासमुंद जिले में मॉब लिंचिंग की घटना से सनसनी फैल गई है। बागबाहरा ब्लॉक के मोहबा गांव निवासी 50 वर्षीय कौशल सहिस को चोरी के शक में ग्रामीणों ने बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। मृतक का शव अगले दिन मुक्तिधाम के पास मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने प्रारंभिक जांच में अंदरूनी चोट से मौत की आशंका जताई है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान कर रही है।
नेशनल हाइवे जाम के बाद प्रशासन ने खरीदी केंद्र खोलने की दी मंजूरी
Farmers Protest: बलौदाबाजार जिले में किसानों ने पारागांवडीह में खरीदी केंद्र खोलने की मांग को लेकर नेशनल हाइवे जाम कर दिया। घंटों चले आंदोलन के बाद एसडीएम तुलसी दास ने किसानों से बातचीत की और प्रशासन ने चालू सीजन में खरीदी केंद्र खोलने की सहमति दे दी। इससे किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई और जाम समाप्त हुआ।
स्कूल से चोरी किए कंप्यूटर और CCTV कैमरे, 4 आरोपी गिरफ्तार
School Theft: धमतरी जिले के गुरुर थाना क्षेत्र के मोखा गांव में स्कूल से कंप्यूटर और CCTV कैमरे चोरी करने वाले दो आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सभी सामान बरामद किए और चारों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जांच में सामने आया कि चोरी के डर से आरोपियों ने एक CPU को नाले में फेंक दिया था।
पुलिसकर्मी के घर में दिनदहाड़े चोरी, नकदी और जेवरात पार
Raipur Theft: रायपुर में चोरों ने पुलिस लाइन के क्वार्टर में दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जवान गणेश कुमार ध्रुव की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। चोरों ने तीसरी मंजिल के फ्लैट का ताला तोड़कर 30 हजार नकद और सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। पुलिस ने कुल 80 हजार की चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



