CG Top 10 News Today: पढ़े छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें: रायपुर में गोली चलाने वाला पिता-पुत्र गिरफ्तार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का छत्तीसगढ़ दौरा

07 March CG Top 10 news today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।
विधानसभा बजट सत्र का नवां दिन:विधानसभा की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का नवां दिन आज महत्वपूर्ण रहने वाला है। विधानसभा की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल पटल पर महत्वपूर्ण पत्र रखेंगे। आज विधानसभा में कुल 56 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश किए जाएंगे, जिन पर चर्चा होगी। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की अनुदान मांगों पर भी बहस की जाएगी। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर आज दो अहम अशासकीय संकल्प भी प्रस्तुत करेंगे। पहला संकल्प मोटरसाइकिल चालकों के लिए हेलमेट और कार चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य करने से जुड़ा होगा। दूसरा संकल्प प्रदेश में प्रवासी श्रमिकों के लिए एक विशेष नीति बनाने को लेकर पेश किया जाएगा।
रायपुर नगर निगम में आज होगा सभापति चुनाव
रायपुर। रायपुर नगर निगम में आज सभापति का चुनाव होगा। चुनाव प्रक्रिया दोपहर 12 बजे से निगम मुख्यालय में शुरू होगी। नामांकन पत्र 12 बजे से 12:45 बजे तक प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनकी संवीक्षा 12:45 बजे से 1 बजे तक की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों के नाम सूचना पटल पर प्रकाशित किए जाएंगे। 1 बजे से 1:30 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान की प्रक्रिया 1:30 बजे से 3 बजे तक चलेगी और मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी। भाजपा के पास नगर निगम में बहुमत है, जिससे सभापति का चुनाव निर्विरोध होने की संभावना जताई जा रही है।
सीपेट में प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन शुरू
रायपुर। केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश परीक्षा के आवेदन शुरू हो गए हैं। इच्छुक विद्यार्थी 29 मई तक Cipet25.onlineregistrationform.org पर पंजीकरण कर सकते हैं। सिपेट प्रवेश परीक्षा (कैट) 8 जून को आयोजित की जाएगी। इस वर्ष 10वीं, डिप्लोमा और बीएससी (अंतिम वर्ष) की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र आवेदन कर सकते हैं।
रायपुर में आज से श्रीराम कथा का आयोजन
सिंधु भवन शंकर नगर में दीदी मां मंदाकिनी द्वारा त्रि-दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन आज से शुरू हो रहा है। यह कथा 7 से 9 मार्च तक चलेगी। इस वर्ष कथा का प्रसंग ‘पुष्प वाटिका’ है। सुबह के सत्र में भजन, सुंदरकांड का पाठ, अभिषेक और आरती होगी, जबकि संध्या सत्र में भक्ति संगीत और श्रीराम कथा का प्रसारण होगा। कथा के दौरान दीदी मां मंदाकिनी भौतिक जीवन के संतुलन के विषय में भी विशेष विचार रखेंगी।
राजयोग अनुभूति शिविर का आयोजन
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा शांति सरोवर और चौबे कॉलोनी में निःशुल्क राजयोग अनुभूति शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर प्रतिदिन सुबह 7 से 8 बजे और शाम 7 से 8 बजे तक चलेगा। शिविर में ध्यान और साधना के माध्यम से मानसिक शांति और आत्मिक उन्नति की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण पर ‘शक्ति मंथन’ कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जेसीआई रायपुर नोबल द्वारा ‘शक्ति मंथन’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम आज दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक वृंदावन हॉल, सिविल लाइन में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करना है।
छत्तीसगढ़ बार काउंसिल चुनाव पर हाईकोर्ट का निर्देश
छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल के चुनाव को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। कोर्ट ने बार काउंसिल आफ इंडिया (बीसीआई) और स्टेट बार काउंसिल (एसबीसी) को निर्देश दिया है कि वे प्रस्तावित चुनाव कार्यक्रम तैयार कर पेश करें। अगले सुनवाई 18 मार्च को होगी। हाईकोर्ट ने पिछले छह वर्षों से चुनाव न होने पर नाराजगी जताई थी और बीसीआई नियमों के पालन की स्थिति पर सवाल उठाए थे।
रायपुर में गोली चलाने वाला पिता-पुत्र गिरफ्तार
तेलीबांधा इलाके में हवाई फायरिंग करने वाले आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने चार घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। घटना आपसी विवाद के चलते हुई थी। आरोपियों ने उद्योग भवन के सामने गोली चलाई थी। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी जशपाल रंधावा और उसके पिता हरप्रीत उर्फ लाली सिंह को गिरफ्तार किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का छत्तीसगढ़ दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस महीने 24 मार्च को छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रही हैं। वे रायपुर में विधानसभा के रजत जयंती समारोह में शामिल होंगी। इस दिन छत्तीसगढ़ विधानसभा अपनी रजत जयंती मना रहा है, और विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर अधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की है।