CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें कांकेर मुठभेड़ में 14 लाख इनामी 3 नक्सली ढेर, रायपुर कलेक्ट्रेट हादसे में टली जनहानि, 45 लाख वाहनों पर अब भी नहीं HSRP प्लेट, रायपुर में ईडी ने लाल चंदन तस्कर की 8.6 करोड़ की संपत्ति जब्त की, शहरी नक्सल नेटवर्क का भंडाफोड़ कर रामा किचाम गिरफ्तार, बस्तर की बेटियों ने पेंचाक सिलाट में जीते 2 स्वर्ण, गोटुल में तला कासरंग कार्यशाला से सांस्कृतिक धरोहर को संजोने की पहल, दल्ली राजहरा बीएसपी माइंस में मधुमक्खियों के हमले से 11 कर्मचारी घायल, महंगी किताबें और ड्रेस एक ही दुकान से खरीदने के लिए दबाव पर स्कूल को जुर्माना और दुर्ग में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
प्रदेश में अब भी लाखों वाहनों में नहीं लगे HSRP नंबर प्लेट
HSRP Number Plate: छत्तीसगढ़ में अभी भी करीब 45 लाख वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) नहीं लगी है। राज्य में कुल 52 लाख वाहनों में से केवल 7.31 लाख पर ही HSRP लगाए जा सके हैं। परिवहन विभाग ने 30 सितंबर तक की समयसीमा दी थी। अब 1 अक्टूबर से जिन वाहनों पर प्लेट नहीं होगी, उनका 1000 रुपये का चालान काटा जाएगा।
कांकेर मुठभेड़ में14 लाख इनामी 3 नक्सली ढेर
Kanker Encounter: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रविवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में एक महिला समेत 3 नक्सली मारे गए, जिन पर कुल 14 लाख रुपये का इनाम था। सुरक्षा बल ने मौके से नक्सलियों के शव, हथियार और बड़ी मात्रा में नक्सल सामग्री बरामद की है। पुलिस को लंबे समय से इस इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिल रही थी। मुठभेड़ के बाद आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दी गई है।
रायपुर कलेक्ट्रेट हादसा: छत गिरने से बची बड़ी जनहानि
Raipur Collectorate: राजधानी रायपुर के कलेक्ट्रेट भवन में रविवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। कक्ष क्रमांक-8 की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में कई सरकारी फाइलें मलबे में दब गईं, लेकिन छुट्टी का दिन होने से कर्मचारी मौजूद नहीं थे। अगर यह हादसा कार्यदिवस पर होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। फिलहाल मलबे की सफाई और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ईडी की कार्रवाई: लाल चंदन तस्कर की 8.6 करोड़ की संपत्ति जब्त
ED Raid: लाल चंदन की तस्करी के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रायपुर निवासी अब्दुल जाफर पर बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने तस्करी से कमाए गए पैसों से खरीदी गई 8.6 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर ली है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने 2016 में रायपुर के एक गोदाम में 11 टन लाल चंदन के 576 लट्ठे छिपाकर रखे थे। एजेंसी अब उसकी विदेशी कनेक्शन और हवाला नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
शहरी नक्सल नेटवर्क: रायपुर से पकड़ा गया नक्सली रामा किचाम
Urban Naxal: स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने रायपुर के भाटागांव इलाके से नक्सली रामा किचाम को गिरफ्तार किया है। रामा का कनेक्शन हाल ही में चंगोराभाठा से पकड़े गए नक्सली दंपति जग्गू और कमला कुरसम से है। तलाशी में उसके पास से सोने का बिस्कुट और नगदी मिली है। जांच में पता चला है कि वह पिछले कई महीनों से रायपुर और कोरबा में ठिकाना बदलकर रह रहा था और बड़े नक्सलियों को शहरी इलाकों में पनाह दे रहा था।
पेंचाक सिलाट: बस्तर की बेटियों ने जीते दो स्वर्ण पदक
Bastar Girls: कर्नाटक के कोप्पल जिले में हुई 13वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर एवं जूनियर पेंचाक सिलाट प्रतियोगिता में बस्तर की यशस्वी सिंह और साक्षी सिंह चौहान ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। दोनों खिलाड़ी बस्तर मार्शल आर्ट अकादमी से जुड़ी हैं। प्रतियोगिता में देशभर के 32 राज्यों की टीमें उतरी थीं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सांस्कृतिक धरोहर: गोटुल में तला कासरंग कार्यशाला
Cultural Heritage: मुरिया जनजाति की पारंपरिक धरोहर ‘तला कासरंग’ आभूषण को संरक्षित करने के लिए नारायणपुर जिले के केजंग गोटुल में 21 से 27 सितंबर तक कार्यशाला आयोजित की गई। गोटुल के बुजुर्गों ने 10 महिला सदस्यों को आभूषण निर्माण की बारीकियां सिखाईं। यह पहल सुरुज ट्रस्ट की ओर से की गई, जिसका उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना है।
मधुमक्खियों का हमला: बीएसपी माइंस में 11 कर्मचारी घायल
Bee Attack: बालोद जिले के दल्ली राजहरा स्थित बीएसपी माइंस में रविवार सुबह मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना में 11 कर्मचारी घायल हो गए। सभी को बीएसपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान जैसे ही कर्मचारी माइंस गेट पर पहुंचे, अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।
बिड़ला ओपन माइंड स्कूल पर 1 लाख का जुर्माना
सरगुजा जिले के बिड़ला ओपन माइंड स्कूल पर शिक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। स्कूल पर आरोप था कि वह बच्चों को महंगी किताबें और ड्रेस एक ही दुकान से खरीदने के लिए दबाव बना रहा था। शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंची थी। जांच में गड़बड़ी सही पाई गई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी
CG Job Fraud: दुर्ग जिले में महिला-बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी रचिता नायडू पर युवती से नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये ठगने का आरोप है। पीड़िता ने बताया कि उसने सोना गिरवी रखकर यह रकम दी थी, लेकिन नौकरी नहीं मिली। उल्टा उसे धमकियां दी गईं। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार है।



