CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बोंडेड डॉक्टर्स की जमानत शर्त खत्म करने की मांग, SSC CGL 2025 भर्ती, DMF घोटाले में ED की छापेमारी, सरकार ने ईद-ए-मिलाद की छुट्टी बदली, NHM कर्मचारियों की हड़ताल, मासूम की दर्दनाक मौत, रायपुर में मीट बैन, गरियाबंद में यूरिया कालाबाजारी, स्पा सेंटर से देह व्यापार का भंडाफोड़ और GST काउंसिल बैठक समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
छत्तीसगढ़ डॉक्टर्स फेडरेशन की मांग, बोंडेड डॉक्टर्स पर 25-50 लाख जमानत शर्त खत्म हो
छत्तीसगढ़ डॉक्टर्स फेडरेशन (CGDF) ने सरकार से मांग की है कि बोंडेड डॉक्टर्स की उच्च शिक्षा के लिए NOC जारी करने की प्रक्रिया में रखी गई 25-50 लाख रुपये की बैंक गारंटी या संपत्ति गिरवी रखने की शर्त को तुरंत हटाया जाए। संगठन का कहना है कि यह शर्त युवाओं के सपनों को तोड़ रही है और इससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता भी प्रभावित होगी। फेडरेशन ने ज्ञापन और पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया है और चेतावनी दी है कि यदि नियम नहीं बदला गया तो आंदोलन तेज होगा।
SSC CGL 2025 परीक्षा 14,582 पदों पर भर्ती, 12 सितंबर से टियर-1 परीक्षा
SSC CGL Exam 2025: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (SSC CGL 2025) का शेड्यूल जारी कर दिया है। टियर-1 परीक्षा 12 से 26 सितंबर तक देशभर के परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित मोड में होगी। इस बार 14,582 पदों पर भर्ती होगी। टियर-2 परीक्षा दिसंबर में प्रस्तावित है। उम्मीदवारों को ग्रुप-B और ग्रुप-C के पदों पर नियुक्त किया जाएगा। आयोग ने न्यूनतम उत्तीर्ण मानदंड भी तय कर दिए हैं UR के लिए 30%, OBC और EWS के लिए 25% और SC/ST के लिए 20%।
575 करोड़ घोटाले में ED की 18 ठिकानों पर छापेमारी
CG DMF Scam: छत्तीसगढ़ में 575 करोड़ रुपये के जिला खनिज निधि (DMF) घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और राजिम समेत 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आरोप है कि कृषि उपकरण सप्लाई और टेंडर प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं कर DMF राशि का दुरुपयोग किया गया। इस मामले में कई कारोबारी और ठेकेदारों के घर दबिश दी गई। निलंबित IAS रानू साहू का नाम भी इस घोटाले से जुड़ा है।
छत्तीसगढ़ सरकार ने ईद-ए-मिलाद की छुट्टी बदली
Eid-e-Milad holiday: सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर ईद-ए-मिलाद की छुट्टी 6 सितंबर की जगह 5 सितंबर 2025 को घोषित की है। धार्मिक दृष्टिकोण और चांद की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। वहीं 6 सितंबर को अनंत चतुर्दशी का ऐच्छिक अवकाश यथावत रहेगा।
NHM कर्मचारियों की हड़ताल पकौड़ा बेचकर जताया विरोध
NHM Employees Strike: राज्य के 16 हजार से ज्यादा NHM संविदा कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 17वें दिन भी हड़ताल पर डटे रहे। बलौदाबाजार में कर्मचारियों ने सड़क किनारे पकौड़े तलकर और आदिवासी नृत्य कर विरोध जताया। कर्मचारियों का कहना है कि चुनाव से पहले नियमित करने का वादा अधूरा है और अब “नो-वर्क, नो-पेमेंट” के नोटिस और बर्खास्तगी की चेतावनी से उनका आक्रोश और बढ़ गया है।
रतनपुर में डेढ़ साल के मासूम की चना गले में फंसने से मौत
Ratnapur Accident: बिलासपुर जिले के रतनपुर में दर्दनाक हादसा हुआ, जहां डेढ़ साल के शिवांश पोर्ते की गले में चना फंसने से मौत हो गई। बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। विशेषज्ञों ने कहा कि छोटे बच्चों को साबुत खाद्य पदार्थ खिलाने में माता-पिता को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए।
रायपुर में डोल ग्यारस और अनंत चतुर्दशी पर मीट बैन
Raipur Meat Ban: रायपुर नगर निगम ने महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर 3 सितंबर (डोल ग्यारस) और 6 सितंबर (अनंत चतुर्दशी) को मटन-चिकन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। केवल दुकानें ही नहीं, बल्कि होटल-रेस्त्रां और ढाबों में भी मांस परोसने पर रोक रहेगी। उल्लंघन करने पर जप्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
266 रुपये वाली यूरिया किसानों को 900 रुपये में बेच रहा था, 525 बोरी जब्त
Urea Black Marketing: गरियाबंद जिले में कृषि विभाग की टीम ने छापा मारकर 266 रुपये वाली यूरिया किसानों को 900 रुपये में बेचने की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया। मौके से 525 बोरी यूरिया जब्त की गई और दुकान को 7 दिनों के लिए निलंबित किया गया। कृषि उपसंचालक ने कहा कि नोटिस का संतोषप्रद जवाब न मिलने पर लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।
स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार 6 युवतियां पकड़ी गईं
Spa Center Raid: बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्पा सेंटर पर छापा मारकर 6 युवतियों को पकड़ा। पुलिस को सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। फिलहाल पुलिस युवतियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं।
GST काउंसिल बैठक में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री OP चौधरी की राय
GST Council Meeting: नई दिल्ली में हुई 56वीं GST काउंसिल बैठक में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि GST सुधार आम नागरिकों और व्यापार जगत के लिए लाभकारी होंगे और इससे देश की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। बैठक में सभी राज्यों के वित्त मंत्री, CBIC और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



