CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें उपसरपंच की हत्या से मचा हड़कंप, झंडा विवाद पर गरमााया माहौल, गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तोमर बंधुओं को कोर्ट से राहत नहीं, बस्तर बाढ़ पीड़ितों को गोवा से मदद, जगदलपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले यात्रियों का आंकड़ा 3 लाख पार, पत्रकार हत्याकांड में आरोपी का अतिक्रमण ध्वस्त, सरगुजा में भी होगा ओलिंपिक, 9 साल से फरार चिटफंड कंपनी डायरेक्टर गिरफ्तार और ओपन स्कूल बोर्ड परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

पुरानी रंजिश में उपसरपंच की हत्या, अब तक नहीं मिला शव

Deputy Sarpanch Murder: जांजगीर-चांपा जिले के करही गांव के उपसरपंच महेंद्र बघेल की हत्या पुरानी रंजिश के चलते कर दी गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने शराब पार्टी का बहाना बनाकर उन्हें बुलाया और फिर साजिश के तहत उनकी हत्या की। इस मामले में सरपंच पति समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि अब तक उपसरपंच का शव बरामद नहीं हो सका है। पुलिस और SDRF की टीम ड्रोन की मदद से लगातार तलाश कर रही है।

झंडा विवाद पर हंगामा, भाजयुमो ने फहराया भगवा

Flag Dispute Durg: दुर्ग जिले में ईद के मौके पर झंडा विवाद का मामला गरमा गया। आर्मी जवान कौशल निषाद के घर भगवा झंडा लगाने को लेकर पुलिसकर्मियों से विवाद हुआ था। इसके बाद भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जवान के घर पहुंचे और भगवा झंडा फहराकर समर्थन जताया। इस दौरान जय श्री राम के नारे लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 60 लाख का माल जब्त

Interstate Ganja Smugglers: दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया। कुम्हारी थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक कंटेनर वाहन को पकड़कर 3 क्विंटल 88 किलो गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई। इसके अलावा नकदी और अन्य सामान मिलाकर कुल 1 करोड़ 53 लाख का माल जब्त हुआ। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी कई बार गांजे की खेप नागपुर ले जा चुके हैं।

हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं को हाईकोर्ट से राहत नहीं

Tomar Brothers Raipur: रायपुर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर तोमर बंधुओं की अग्रिम जमानत याचिका पर हाईकोर्ट ने सुनवाई की। मुख्य न्यायाधीश की एकलपीठ ने फिलहाल कोई राहत नहीं दी और सभी 5 याचिकाओं पर अगले हफ्ते एक साथ सुनवाई करने का आदेश दिया। तोमर भाइयों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और रायपुर पुलिस ने उनके खिलाफ उद्घोषणा भी जारी की थी। अब कोर्ट में बहस के बाद अगला फैसला होगा।

गोवा सरकार ने बस्तर बाढ़ पीड़ितों को दी 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता

Goa Aid Bastar Flood: बस्तर संभाग में आई बाढ़ से जनजीवन प्रभावित है। इस बीच गोवा सरकार ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोवा के सीएम डॉ. प्रमोद सावंत का आभार जताया और कहा कि यह मदद प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में काम आएगी। इससे पहले मध्यप्रदेश सरकार ने भी बस्तर के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए राशि दी थी।

बस्तर अब सीधा जुड़ा बड़े शहरों से, एयरपोर्ट पर 3 लाख यात्रियों ने भरी उड़ान

Bastar Airport Flights: जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी हवाई अड्डे से अब तक 3 लाख यात्री यात्रा कर चुके हैं। 1939 में बना यह एयरपोर्ट पहले ‘‘जहाज भाटा’’ नाम से जाना जाता था। केंद्र की उड़ान योजना के तहत 2017 से इसका उन्नयन शुरू हुआ और अब यह ATR-72 जैसे विमानों के लिए अपग्रेड हो चुका है। रायपुर, हैदराबाद, दिल्ली, जबलपुर और बिलासपुर के लिए नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं। मार्च 2024 से इंडिगो ने भी यहां से सेवा शुरू की है।

पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में आरोपी के ठिकाने पर चला बुलडोजर

Journalist Mukesh Murder: पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर के चट्टान पारा स्थित बाड़े को प्रशासन ने तोड़ दिया। यहीं पर जनवरी में हत्या के बाद मुकेश का शव छुपाया गया था। राजस्व विभाग और नगर पालिका की टीम ने इसे अवैध अतिक्रमण मानते हुए कार्रवाई की। SIT ने इस मामले में 1000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है और 72 गवाह शामिल किए हैं। आरोपी सुरेश समेत चार लोग जेल में बंद हैं।

सरगुजा में भी होगा ओलिंपिक, डिप्टी CM की घोषणा

Sarguja Olympics: खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने सरगुजा ओलिंपिक आयोजित करने का ऐलान किया है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के समापन समारोह में यह घोषणा की। 5 से 7 सितंबर तक हुई इस प्रतियोगिता में 1500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अरुण साव ने कहा कि बस्तर ओलिंपिक की सफलता के बाद सरगुजा में भी खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

9 साल से फरार चिटफंड कंपनी डायरेक्टर गिरफ्तार

Chitfund Fraud Balod: छत्तीसगढ़ पुलिस ने 9 साल से फरार चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर काली प्रसाद मिश्रा को ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। आरोपी निवेशकों से करोड़ों रुपये ठगकर फरार था और फिल्मों में छोटे रोल कर छिपकर रह रहा था। पुलिस ने बताया कि उसने माइक्रोलिजिंग और माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के नाम पर यह ठगी की थी। आरोपी के खिलाफ IPC और चिटफंड अधिनियम के तहत केस दर्ज है।

ओपन स्कूल बोर्ड परीक्षाओं के लिए आवेदन शुरू

CG Open School Exams: छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल ने हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा नवंबर 2025 के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छात्र https://sos.cg.nic.in/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। सामान्य शुल्क के साथ आवेदन की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है, जबकि 11 से 15 अक्टूबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

Also Read: सर्किट हाउस विवाद: कांग्रेस ने मंत्री केदार कश्यप के दफ्तर में किया प्रदर्शन, महिला पुलिसकर्मी घायल, BJP ने लगाया तोड़फोड़ का आरोप

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button