CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें जशपुर में 24 नए छात्रावासों की मंजूरी से विद्यार्थियों को जर्जर भवनों से मुक्ति, रिटायर्ड आर्मी अधिकारी के खाते से 8 लाख की ठगी कर दो आरोपी गिरफ्तार, आज से रायपुर-राजिम मेमू पैसेंजर ट्रेन सेवा का शुभारंभ, नारायणपुर में 18 लाख इनामी 12 नक्सलियों का आत्मसमर्पण, बस्तर में 6565 क्विंटल चावल गबन कर करोड़ों का राशन घोटाला उजागर, भावना बोहरा ने 70 से अधिक आदिवासी परिवारों की घर वापसी कराई, कांकेर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में दो माओवादी ढेर और मोस्ट वांटेड की तलाश तेज, मुख्य सचिव अमिताभ जैन बिजली विनियामक आयोग के चेयरमैन बनेंगे, दुष्कर्म के आरोपी को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई, कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली पर किराए की भीड़ जुटाने का आरोप समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

जर्जर भवन से विद्यार्थियों को मिलेगी मुक्ति, 24 नए छात्रावास बनेंगे

CG New Hostels: जशपुर जिले के हजारों छात्र-छात्राओं को अब जर्जर भवनों से मुक्ति मिलेगी, क्योंकि उनकी सुविधा के लिए 24 नए छात्रावासों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। इन छात्रावासों के निर्माण पर 41 करोड़ 59 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नए भवनों में छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ रहने और भोजन की उत्तम व्यवस्था मिलेगी। इससे विशेषकर आदिवासी एवं सुदूर अंचलों के अनुसूचित जनजाति के हजारों विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने विभागीय अधिकारियों और सहायक आयुक्तों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता, समयसीमा और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि छात्रावास जल्द तैयार होकर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान कर सकें।

रिटायर्ड आर्मी अधिकारी के खाते से लाखों की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Fraud Case: सक्ती जिले में रिटायर्ड आर्मी अधिकारी अमर सिंह कंवर के खाते से 8 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला कि आरोपी लाभेश कुमार साहू और उसके साथियों ने अधिकारी की पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर करके रकम बैंक से निकाली। चोरी के पैसों से मोबाइल, मोटरसाइकिल और चांदी के आभूषण खरीदे गए थे। पुलिस ने 3.66 लाख रुपये का सामान जब्त किया है और आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

CM साय करेंगे रायपुर-राजिम मेमू पैसेंजर सेवा का शुभारंभ

Railway Service: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज को रायपुर-राजिम-रायपुर नई मेमू पैसेंजर सेवा का शुभारंभ करेंगे। यह ट्रेन सेवा ग्रामीण अंचलों से राजधानी रायपुर तक यात्रियों को आसान और किफायती सफर का विकल्प देगी। विद्यार्थी, नौकरीपेशा वर्ग और व्यापारी वर्ग को इससे सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, इस मार्ग पर सीधी रेल कनेक्टिविटी होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

18 लाख के इनामी 12 नक्सलियों का आत्मसमर्पण

Naxal Surrender: नारायणपुर जिले में 12 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें दो एरिया कमेटी सदस्य भी शामिल हैं। इन पर 50 हजार से लेकर 5 लाख तक के इनाम घोषित थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि अब तक 1704 माओवादी सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025 के तहत मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं। डबल इंजन की सरकार 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बस्तर में करोड़ों का राशन घोटाला, 6565 क्विंटल अनाज गायब

Ration Scam: बस्तर जिले में पीडीएस सिस्टम में बड़ा घोटाला सामने आया है। खाद्य विभाग की जांच में 7 ब्लॉकों की 84 दुकानों से 6565 क्विंटल चावल गायब पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 3.55 करोड़ रुपये है। विभाग ने दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और वसूली की कार्रवाई भी शुरू की गई है। ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सेवा दिवस पर विधायक भावना बोहरा की अनोखी पहल

Seva Diwas: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कवर्धा की विधायक भावना बोहरा ने 70 से अधिक आदिवासी परिवारों की घर वापसी कराई। उन्होंने इन परिवारों का स्वागत कर उनके पैर पखारे और उपहार भेंट किए। साथ ही, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अभियान के लिए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल ने सेवा दिवस को विशेष बना दिया।

कांकेर में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, दो माओवादी ढेर

Naxal Encounter: कांकेर जिले से बड़ी खबर आई है। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर गढ़चिरौली के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली मारे गए। मौके से AK-47 समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। दूसरी ओर, कांकेर पुलिस ने मोस्ट वांटेड नक्सलियों की तलाश तेज करते हुए उनकी तस्वीरों वाले पोस्टर गांव-गांव में लगाए हैं और जानकारी देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की है।

मुख्य सचिव अमिताभ जैन की विदाई की तैयारी

Chief Secretary: छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव अमिताभ जैन 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। खबर है कि रिटायरमेंट के बाद उन्हें बिजली विनियामक आयोग का चेयरमैन बनाया जाएगा। इससे पहले उनके नाम की चर्चा मुख्य सूचना आयुक्त के लिए भी हुई थी। तीन महीने का एक्सटेंशन पूरा होने के बाद उनकी विदाई की तैयारियां शुरू हो गई हैं।

मासूम से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को उम्रकैद

POCSO Case: खैरागढ़ जिले के गंडई थाना क्षेत्र में पांच साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाले आरोपी संजय गोस्वामी को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर सुनसान जगह ले जाकर दरिंदगी की थी। पॉक्सो अदालत ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए आरोपी को आजीवन कारावास की सजा दी।

कांग्रेस की रैली में किराए की भीड़ का आरोप

Congress Rally: मुंगेली जिले में कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली विवादों में घिर गई है। एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें महिलाएं दावा कर रही हैं कि उन्हें रैली में शामिल होने के लिए 100-200 रुपये दिए गए थे। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि 300 रुपये का वादा किया गया था, लेकिन सिर्फ 100 रुपये ही मिले। इस मामले में PCC चीफ दीपक बैज ने इसे विपक्ष की साजिश बताया है।

Also Read: Mukhyamantri kanya Vivah Yojana: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सरकार दे रही 50 हजार की मदद

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button