CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें नक्सल संगठन में फूट और युद्धविराम विवाद गहराया, NHM कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होकर 16 हजार से अधिक लौटेंगे ड्यूटी पर, पुलिस के “ऑपरेशन निश्चय” में 200 से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार, आरंग बस स्टैंड निर्माण घोटाले में 35 लाख का भुगतान बिना काम, नान घोटाले में पूर्व IAS आलोक शुक्ला का सरेंडर टला, बस्तर हॉस्टल अधीक्षक पर गंभीर आरोप लगने के बाद निलंबन, भिलाई के कोयला कारोबार में 89 करोड़ की धोखाधड़ी का पर्दाफाश, राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष हेमंत वर्मा का इस्तीफा और त्रिपुरा में नई जिम्मेदारी, शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई में लापरवाह अधिकारियों पर गाज, वहीं प्रदेश में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

नक्सल संगठन में फूट, युद्धविराम पर अलग-अलग बयान

Naxal Split: छत्तीसगढ़ को 2026 तक नक्सलमुक्त बनाने के लक्ष्य के बीच माओवादी संगठन में फूट की खबर सामने आई है। केंद्रीय प्रवक्ता अभय ने हाल ही में युद्धविराम की पेशकश करते हुए सरकार से बातचीत की शर्त रखी थी। लेकिन कुछ ही दिनों बाद तेलंगाना स्टेट कमेटी ने पत्र जारी कर इसे अभय की निजी राय बताया और पार्टी का निर्णय न मानने की बात कही। इससे साफ हो गया है कि संगठन के भीतर मतभेद गहराए हैं और दो फाड़ हो चुका है।

NHM कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, चार मांगें मानी गईं

NHM Strike: लंबे समय से चल रही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन NHM कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की 4 प्रमुख मांगें मान ली गईं और तीन पर उच्च स्तरीय समिति बनाई गई है। प्रदेश के 16 हजार से अधिक कर्मी अब काम पर लौटेंगे। मंत्री ने बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली और नोटिस रद्द करने पर भी सहमति जताई। वेतन वृद्धि, वार्षिक अवकाश और कैशलेस बीमा जैसी सुविधाएँ अब कर्मचारियों को मिलेंगी।

पुलिस का बड़ा अभियान, 200 से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार

Police Operation: रायपुर रेंज पुलिस ने आईजी अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में “ऑपरेशन निश्चय” चलाकर नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया। 142 टीमों और 800 जवानों ने मिलकर 381 जगहों पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 72 किलो से अधिक गांजा, 600 ग्राम अफीम, ट्रामाडोल कैप्सूल, अवैध शराब और 12 हथियार जब्त किए। कुल 200 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

आरंग बस स्टैंड निर्माण में घोटाला, 35 लाख का भुगतान बिना काम

Bus Stand Scam: आरंग नगर पालिका में ठेकेदार को बिना काम किए ही 35 लाख 82 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया। बस स्टैंड निर्माण का यह काम साल 2023 में कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत हुआ था, लेकिन दो साल बाद भी ईंट तक नहीं रखी गई। अब इस निर्माण को दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। शिवसेना और कांग्रेस दोनों ने इस पर आपत्ति जताई है और दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की है।

नान घोटाले में रिटायर्ड IAS आलोक शुक्ला का सरेंडर टला

NAN Scam: बहुचर्चित नान घोटाला केस में रिटायर्ड आईएएस आलोक शुक्ला का सरेंडर एक बार फिर टल गया है। सुप्रीम कोर्ट से जमानत खारिज होने के बाद वे रायपुर की ईडी कोर्ट पहुंचे थे, लेकिन अब सुनवाई 22 सितंबर को होगी। कोर्ट के आदेश के अनुसार, शुक्ला और अनिल टुटेजा को पहले दो हफ्ते ईडी कस्टडी और फिर दो हफ्ते न्यायिक हिरासत में रहना होगा। ईडी ने हाल ही में उनके भिलाई स्थित घर पर दबिश भी दी थी।

माओवादी संगठन में तेलंगाना कमेटी ने युद्धविराम बयान को निजी राय बताया

Ceasefire Dispute: माओवादी संगठन में उठे मतभेद पर तेलंगाना स्टेट कमेटी ने साफ कहा कि अभय का युद्धविराम बयान निजी राय है। पार्टी का मानना है कि भाजपा सरकार संगठन को 2026 तक खत्म करने की रणनीति पर काम कर रही है। पिछले महीनों में कई बड़े कैडर और शीर्ष नेता मारे जा चुके हैं। कमेटी ने जनता से अपील की है कि भ्रमित न हों और भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखें।

हॉस्टल अधीक्षक पर गंभीर आरोप, निलंबन की कार्रवाई

Hostel Misconduct: बस्तर जिले के गोंदियापाल बालक आश्रम के अधीक्षक सुकरु राम बघेल पर मारपीट, गाली-गलौज और छात्रों को अश्लील वीडियो दिखाकर नकल करने के लिए प्रेरित करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। निरीक्षण के दौरान बच्चों ने खुद यह शिकायत कलेक्टर से की। इसके बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से अधीक्षक को निलंबित कर दिया है और जांच शुरू कर दी गई है।

कोयला कारोबार में 89 करोड़ की धोखाधड़ी, दो गिरफ्तार

Coal Fraud: भिलाई के दो कोयला व्यापारियों को गुजरात पुलिस ने 89 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गुजरात के व्यवसायी से कोक एक्सपोर्ट में निवेश कराने के नाम पर मोटी रकम ऐंठी। लेकिन निवेश से कोई मुनाफा नहीं मिलने और रकम वापसी न करने पर मामला दर्ज हुआ। अन्य दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया

Power Commission Resignation: छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष हेमंत वर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका कार्यकाल जून 2026 तक था, लेकिन उन्हें त्रिपुरा विद्युत नियामक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 19 सितंबर उनका आखिरी कार्य दिवस होगा। अब इस पद पर नए अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। मुख्य सचिव अमिताभ जैन का नाम भी दौड़ में है।

शराब घोटाले में ‘बिग बॉस’ का बड़ा खुलासा: ED की गिरफ्त में पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि उन्होंने इस घोटाले के दौरान 1000 करोड़ रुपए से अधिक की रकम को सीधे नियंत्रित किया। ED द्वारा दायर 7000 पन्नों की पूरक चार्जशीट में बताया गया है कि चैतन्य बघेल ने न केवल लगभग 200 करोड़ रुपए की व्यक्तिगत कमाई की, बल्कि करीब 850 करोड़ रुपए तत्कालीन कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाए। जांच में यह भी सामने आया कि पूरा सिंडिकेट ‘बिग बॉस’ नामक वॉट्सऐप ग्रुप से संचालित होता था, जिसमें अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा, सौम्या चौरसिया और अन्य प्रमुख लोग शामिल थे। इसी ग्रुप के जरिए करोड़ों की हेराफेरी, नकली होलोग्राम की सप्लाई और ब्लैक मनी को रियल एस्टेट में खपाने की योजनाएँ तय होती थीं। ED ने मोबाइल चैट्स और स्क्रीनशॉट को सबूत के रूप में कोर्ट में पेश किया है, जिससे यह साबित होता है कि इस पूरे घोटाले का असली मास्टरमाइंड चैतन्य बघेल ही था।

Also Read: CGPSC घोटाला मामला: रिटायर्ड IAS और पूर्व परीक्षा नियंत्रक समेत 5 गिरफ्तार, CBI ने सभी आरोपियों को कोर्ट में किया पेश

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button