
CG Weather Update Heavy Rain Orange Alert: छत्तीसगढ़ में आने वाले 4 दिनों तक मानसूनी गतिविधियां काफी तेज रहने का अनुमान है। बीते रविवार को राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा हुई। प्रदेश में अब तक सामान्य से 20 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है।
हल्की बारिश से गिरा तापमान, लोगों को मिली राहत
CG Weather News Today: राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि रविवार को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम में ठंडक आ गई। तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से लोगों को उमस और भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है। रायपुर के अलावा बसना, सरायपाली, सोनाखान, पिथौरा, बिलाईगढ़, सारंगढ़, बगीचा और कोरबा समेत विभिन्न इलाकों में भी वर्षा होने से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की कमी आई। पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर और आसपास के इलाकों में मौसम का हाल
CG Heavy Rainfall Alert: मौसम विभाग के अनुसार रायपुर और इसके नजदीकी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने के आसार हैं। राजधानी का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। बारिश के कारण शहर के तापमान में स्थिरता बने रहने की उम्मीद है।

14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और तेज हवाओं की चेतावनी
CG Monsoon Update: मौसम विभाग ने प्रदेश के 14 जिलों में मौसम के बदलते रुख को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

राज्य के बाकी हिस्सों में यलो अलर्ट जारी
CG Today Weather Update: ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों के अलावा राज्य के अन्य सभी प्रमुख हिस्सों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने, बादल गरजने और आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश होने के आसार जताए गए हैं।



