CG Weather Update Today: प्रदेश के इन इलाकों में छाए रहेंगे बादल, जानिए छत्तीसगढ़ के किन-किन जिलों में आज होगी झमाझम बारिश

3 दिन बाद फिर जोर पकड़ेगा मानसून

छत्तीसगढ़ में आने वाले 3 दिनों तक बारिश की गतिविधियों में थोड़ी नरमी देखने को मिल सकती है। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक इसके बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा और राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला शुरू होगा। मंगलवार 11 अगस्त को प्रदेश के अनेक इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। बीते सोमवार को रायपुर 32.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां शाम के वक्त हल्की बूंदाबांदी हुई।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

Raipur Weather Today: राजधानी में राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। सोमवार को रायपुर में दिनभर तेज धूप और उमस के बाद शाम को हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई थी, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में 1 से 5 सेंटीमीटर तक पानी गिरा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।

रायपुर समेत 16 जिलों में बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट

Raipur Weather Update: मौसम केंद्र ने प्रदेश के उत्तरी और मध्य भाग के कई जिलों में मंगलवार सुबह से ही बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। रायपुर, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

12 अगस्त से एक्टिव होगा बंगाल की खाड़ी का नया मौसमी सिस्टम

CG Today Weather News: मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर मध्य प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। इसके साथ ही मानसून की द्रोणिका बीकानेर, दतिया और दीघा से होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में हवा का एक ऊपरी चक्रवाती घेरा सक्रिय है। इस तंत्र के असर से 12 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है, जिससे पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिर से तेज होंगी।

बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिणी और मध्य छत्तीसगढ़ में हुई बारिश

CG Monsoon Update: सोमवार को प्रदेश के बस्तर और मैदानी इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश भैरमगढ़, सुकमा और कुटरू में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कुआकोंडा और गादीरास में 4 सेंटीमीटर, जबकि जनकपुर, तखतपुर, करपावंड और बड़े बचेली में 3-3 सेंटीमीटर पानी गिरा। वहीं दंतेवाड़ा, गीदम, सकरी, अंतागढ़ और कोमाखान में 2-2 सेंटीमीटर तथा बस्तर, कोंडागांव, बगीचा और भानुप्रतापपुर समेत कई अन्य स्थानों पर 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

आकाशीय बिजली से बचाव के लिए मौसम विभाग की सलाह

CG Weather Alert: बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने आम नागरिकों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे या जल निकायों के पास रुकने से बचने को कहा गया है। किसानों को भी खेतों में काम करते समय मौसम के बदलाव पर नजर रखने और गर्जन शुरू होने पर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का परामर्श दिया गया है।

Also Read: अब महिला जनप्रतिनिधियों के पति और रिश्तेदार नहीं बन सकेंगे प्रतिनिधि, सरकार ने जारी की अधिसूचना, देखें आदेश

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button