
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में अब गर्मी और उमस से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले 5 दिनों तक प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश के आसार भी हैं। राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे और शाम को हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटों में रायपुर का अधिकतम तापमान 29.9°C रहा।

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, बलरामपुर और बीजापुर में भारी बारिश
Weather Today: राज्य में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बीते 24 घंटों में अधिकतर जिलों में बारिश हुई, जिसमें बलरामपुर और बीजापुर सबसे आगे रहे। वहीं दुर्ग का तापमान 32.4°C और पेंड्रारोड का न्यूनतम तापमान 22.2°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि 26 जून से पूरे प्रदेश में जोरदार बारिश हो सकती है।
क्यों बदला मौसम: द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बदलाव के पीछे कई मौसमी सिस्टम ज़िम्मेदार हैं।
- उत्तर प्रदेश से लेकर ओडिशा तक 1.5 किमी की ऊँचाई तक एक द्रोणिका बनी है।
- एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण पंजाब से लेकर बांग्लादेश तक फैला है।
- झारखंड और उसके आसपास 3.1 से 7.6 किमी की ऊंचाई पर एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवात बना है।
- इसके अलावा, उत्तर-पूर्वी अरब सागर से लेकर दक्षिण झारखंड तक एक और द्रोणिका बनी हुई है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
Today Raipur Weather: राजधानी में आज बादल छाए रहने और मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना है। तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पंडरी, मोवा, दलदल सिवनी, मोहबा बाजार, शंकर नगर, तेलीबांधा जैसे इलाकों में बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी: रहें सतर्क!
मौसम विभाग ने अंधड़ और वज्रपात की भी आशंका जताई है। लोगों से अपील की गई है कि मौसम बिगड़ने पर घर या दफ्तर से बाहर न निकलें, और बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े न हों।



