CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के बावजूद फिर से बढ़ेगी गर्मी, बारिश से नहीं मिलेगी राहत तापमान में 2-3 डिग्री की संभावित बढ़ोतरी

CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री भले ही हो गई हो, लेकिन इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में मानसून ने दस्तक दी है और राजधानी रायपुर में भी प्री-मानसून की झलक मिल चुकी है। गुरुवार को दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए थे और शाम होते-होते हल्की बारिश भी देखने को मिली, लेकिन अब छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ सकती है और तापमान में इजाफा हो सकता है।
हल्की बारिश के बाद अब तापमान बढ़ने की चेतावनी
बीते 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि जगदलपुर में दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

मानसून की प्रगति और मौसमी सिस्टम की हलचल
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियाँ अनुकूल बनी हुई हैं। जल्द ही यह बंगाल और बिहार के कुछ इलाकों में भी पहुंच सकता है। बांग्लादेश तट के पास एक अवदाब सक्रिय है, जो 29 मई को सागरद्वीप और खेपूपारा के बीच तट पार कर सकता है। इसके गहरे अवदाब में तब्दील होने की संभावना है।
इसके साथ ही दो पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हैं—एक उत्तर भारत के ऊपर और दूसरा अफगानिस्तान के आसपास। वहीं, एक द्रोणिका रेखा दक्षिण-पूर्व राजस्थान से होते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल तक फैली हुई है। इन तमाम मौसमी गतिविधियों के कारण प्रदेश में मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है।
आज का मौसम: रायपुर समेत कई इलाकों में बादल, कहीं-कहीं अंधड़
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।
इसके अलावा प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही एक-दो स्थानों पर अंधड़ चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। यानी फिलहाल बारिश की बूँदों से राहत की उम्मीद तो है, लेकिन गर्मी से पूरी तरह छुटकारा अभी नहीं मिलने वाला।