CG Weather Update Today: चढ़ने लगा छत्तीसगढ़ का पारा, जानिए आज आपके जिले में कैसे रहेगा मौसम

CG Today Weather News: छत्तीसगढ़ के अधिकांश इलाकों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का सिलसिला तेजी से जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों से मानसून आधिकारिक रूप से विदा हो गया है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य भागों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने आज भी प्रदेश के एकाध स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद जताई है, जबकि आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है।

राजधानी रायपुर में आज साफ रहेगा आसमान, बढ़ेगी गर्मी

CG Weather Update Today: मानसून की विदाई और बारिश थमने के बाद राजधानी रायपुर के लोगों को दिन के समय हल्की उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि 9 अक्टूबर को रायपुर और आसपास के इलाकों में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। दिन में तेज धूप खिलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

राजनांदगांव रहा प्रदेश में सबसे गर्म, कुसमी में दर्ज की गई 5 सेमी बारिश

CG Weather Update Today: बीते 24 घंटों के दौरान दर्ज किए गए आंकड़ों के मुताबिक राजनांदगांव जिला पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा जगदलपुर में 33.6 डिग्री, पेंड्रारोड में 32.6 डिग्री, माना में 33.4 डिग्री, दुर्ग में 32.2 डिग्री और अंबिकापुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बारिश की स्थिति देखें तो बलरामपुर जिले के कुसमी में 5 सेमी, चांदो में 3 सेमी, जबकि लाभांडी, रामचंद्रपुर, बेलतरा और दुर्ग में 2-2 सेमी वर्षा दर्ज हुई। वहीं केशकाल और मैनपाट में 1-1 सेमी पानी गिरा।

कई राज्यों से वापस लौटा मानसून, द्रोणिका का दिख रहा असर

Chhattisgarh Weather Forecast: मौसम विभाग की अद्यतन रिपोर्ट के अनुसार 8 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के साथ-साथ महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा और झारखंड के भी कई हिस्सों से मानसून पूरी तरह विदा हो चुका है। हालांकि, बिहार के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तर-पूर्व बिहार से लेकर झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक आसमान में एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) गुजर रही है। साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर भी हवा का चक्रवाती सिस्टम सक्रिय बना हुआ है।

आगामी दिनों में मौसम रहेगा शुष्क, तापमान में आएगी हल्की तब्दीली

Chhattisgarh Rain Update: इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या छींटे पड़ने की संभावना बनी रहेगी। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थिति बहुत लंबी नहीं चलेगी और जल्द ही पूरे राज्य में मौसम साफ हो जाएगा। बारिश की गतिविधियां पूरी तरह थमने के बाद दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, जबकि रातों में हल्की ठंडक का अहसास शुरू हो जाएगा।

Also Read: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो गिरफ्तार, पीड़िता की निजता भंग करने पर दर्ज थी FIR, पुलिस कर रही कोर्ट में पेश करने की तैयारी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button