
रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ की गर्मी एक बार फिर लोगों की नाक में दम कर रही है। दिन में लू जैसे हालात, और शाम को थोड़ी राहत वाली हवा और हल्की बारिश का सिलसिला चल पड़ा है। मौसम विभाग ने आज के लिए फिर से अलर्ट जारी किया है — गरज-चमक, आंधी और हल्की बारिश की पूरी संभावना जताई गई है।
प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ अंधड़ और वज्रपात भी हो सकता है। वहीं तापमान की बात करें तो गर्मी फिलहाल और बढ़ने के मूड में है।
तापमान में और बढ़ोतरी की उम्मीद, अगले 5 दिन रहिए तैयार
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 4 दिनों तक बिजली गिरने और मेघ गर्जन की गतिविधियां भी बनी रहेंगी। यानी छत्तीसगढ़ की गर्मी के साथ अब अस्थिर मौसम भी डबल अटैक करेगा।
इन सिस्टम्स का असर, मौसम क्यों बदल रहा है?
अगर आप सोच रहे हैं कि ये मौसम इतनी जल्दी क्यों पलट रहा है, तो उसकी वजह है पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिकाएं, जो हवा में उथल-पुथल मचा रही हैं।
- एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान और अफगानिस्तान के ऊपर 3.1 से 9.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक्टिव है।
- दूसरी द्रोणिका दक्षिण पंजाब से झारखंड तक फैली है, जो करीब 1.5 किमी ऊंचाई पर है।
- तीसरी द्रोणिका उत्तर-मध्य महाराष्ट्र से मन्नार की खाड़ी तक बनी हुई है, जो 0.9 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है।
इन्हीं सिस्टम्स के चलते प्रदेश में मौसम कभी गर्म, कभी बदली और कभी बारिश वाला बनता जा रहा है।
रायपुर का हाल: पारा 42 के करीब, शाम को राहत की उम्मीद
राजधानी रायपुर में आज दिन का अधिकतम तापमान 42°C के करीब रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26°C के आसपास रहने का अनुमान है।
सुबह का आसमान साफ रहेगा लेकिन दोपहर बाद आंशिक बादल और हल्की हवाएं चल सकती हैं। थोड़ी बहुत बारिश भी हो सकती है।
पिछले 24 घंटे का तापमान रिपोर्ट
- कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
- रायपुर और बिलासपुर में प्रदेश का सबसे ज्यादा तापमान 41.4°C रिकॉर्ड किया गया।
- सबसे कम तापमान 21.7°C अंबिकापुर में दर्ज हुआ।



