रामलला के दर्शन और आरती के समय में हुआ बदलाव, जानें नए टाइमिंग

अयोध्या में बढ़ती भीड़ के बीच रामलला के दर्शन का समय बढ़ाया गया। राम मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रामलला के दर्शन और आरती के समय में बदलाव किए हैं, ताकि अधिक से अधिक भक्त बिना किसी असुविधा के भगवान राम के दर्शन कर सकें। अब श्रद्धालु सुबह 6 बजे से लेकर रात 10 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकते हैं।
नए समय के अनुसार होंगे आरती के आयोजन
अब सुबह 4 बजे मंगला आरती होगी, जो दिन की पहली आरती होगी। मंगला आरती के बाद कुछ समय के लिए मंदिर के पट बंद रहेंगे। फिर सुबह 6 बजे श्रंगार आरती होगी, और इसी के साथ राम मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
दोपहर 12 बजे रामलला को भोग अर्पित किया जाएगा, और इस समय भी दर्शन की व्यवस्था जारी रहेगी। शाम 7 बजे संध्या आरती होगी, जिसके दौरान भगवान के पट 15 मिनट के लिए बंद रहेंगे। अंत में रात 10 बजे शयन आरती होगी, और इसके बाद मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
समय में बदलाव के उद्देश्य और सुविधाएं
पहले मंदिर के पट सुबह 7 बजे खोले जाते थे, लेकिन अब यह समय एक घंटे पहले यानी सुबह 6 बजे हो गया है। शयन आरती पहले रात 9:30 बजे होती थी, लेकिन अब यह रात 10 बजे होगी। इससे श्रद्धालुओं को सुबह 1 घंटे 30 मिनट और शाम में 30 मिनट अधिक रामलला के दर्शन का समय मिलेगा।
राम मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को ज्यादा समय तक दर्शन का अवसर देना है। इसके साथ ही भोग अर्पित किए जाने के समय भी दर्शन की सुविधा रहेगी, ताकि भक्तों को पूरे दिन रामलला की कृपा प्राप्त हो सके। मंदिर प्रशासन का मानना है कि यह बदलाव दर्शन की व्यवस्था को और भी सुचारू बनाएगा।
Also Read: महाकुंभ पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, संगम में लगाई डुबकी