
संसद में 1 फरवरी को पेश होने वाले केंद्रीय बजट को लेकर छत्तीसगढ़ बीजेपी ने अपनी कमर कस ली है। पार्टी ने बजट के प्रचार-प्रसार और विश्लेषण के लिए एक उच्च स्तरीय प्रदेश समिति का गठन किया है। इस 6 सदस्यीय टीम का संयोजक वरिष्ठ विधायक और पूर्व वित्त मंत्री अमर अग्रवाल को बनाया गया है। यह समिति बजट की बारीकियों को समझने और केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी राज्य के आम लोगों तक पहुंचाने का काम करेगी।

ओपी चौधरी समेत कई दिग्गज टीम में शामिल
इस नई समिति में राज्य के वर्तमान वित्त मंत्री ओपी चौधरी को भी सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। उनके अलावा टीम में अनुभवी नेता सौरभ सिंह, नंदन जैन, अखिलेश सोनी और अमित चिमनानी को जगह दी गई है। बीजेपी का मुख्य उद्देश्य वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए जाने वाले बजट के प्रावधानों को सरल भाषा में छत्तीसगढ़ की जनता तक ले जाना है। आने वाले दिनों में यह समिति राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बजट पर चर्चा और संगोष्ठियों का आयोजन भी कर सकती है।



