
छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपनी मीडिया टीम में बड़ा फेरबदल करते हुए नई नियुक्तियों का एलान कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की मंजूरी के बाद जारी की गई इस सूची में अनुभवी चेहरों और युवाओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। इस नई टीम का मुख्य काम टीवी डिबेट्स और अखबारों में पार्टी का पक्ष मजबूती से रखना और विपक्षी हमलों का जवाब देना होगा। संगठन की ओर से साफ किया गया है कि ये सभी पदाधिकारी प्रदेश अध्यक्ष के सीधे समन्वय में काम करेंगे और आधिकारिक बयान जारी करने के लिए अधिकृत होंगे।
अनुभवी चेहरों को कमान
अनुराग अग्रवाल, गौरीशंकर श्रीवास और राजीव चक्रवर्ती समेत कुल 10 नेताओं को प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है। प्रवीण साहू, गोविंदा गुप्ता और राहुल राय को प्रदेश सहसंयोजक की जिम्मेदारी मिली है। संगठन ने मीडिया विभाग को और अधिक आक्रामक और सक्रिय बनाने के लिए 11 मीडिया पैनलिस्ट भी नियुक्त किए हैं, जो अलग-अलग मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सरकार की योजनाओं और संगठन के विचारों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।

इस नई टीम के गठन के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि सोशल मीडिया से लेकर टीवी न्यूज चैनलों तक भाजपा की मौजूदगी पहले से अधिक प्रभावी नजर आएगी।



