
Corona And Swine Flu In CG: छत्तीसगढ़ में मौसमी बीमारियों और स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच कोरोना संक्रमण ने एक बार फिर वापसी की है। राजधानी रायपुर में कोविड-19 का नया मरीज सामने आया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीते 20 दिनों के भीतर प्रदेश में कोरोना के कुल चार मामले दर्ज किए जा चुके हैं। एक तरफ स्वाइन फ्लू के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं, तो दूसरी तरफ कोरोना की एंट्री से स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है।
प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 158 मामले दर्ज, 13 एक्टिव मरीज
Raipur Corona Update: राज्य में स्वाइन फ्लू का संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। बीते डेढ़ महीने के भीतर ही प्रदेशभर में स्वाइन फ्लू के 72 नए मामले दर्ज किए गए हैं। अब तक कुल मरीजों की संख्या 158 तक पहुंच चुकी है। राहत की बात यह है कि वर्तमान में केवल 13 एक्टिव मरीज हैं, जिनमें से 8 लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। चिंताजनक बात यह है कि राज्य के लगभग सभी जिलों से स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर, मरीजों की स्थिति पर नजर
Raipur Covid Case: स्वाइन फ्लू के साथ कोरोना का नया मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। रायपुर में मिले कोरोना मरीज की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, मरीज के यात्रा इतिहास और संक्रमण से जुड़े अन्य विवरणों को लेकर विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी जारी होना बाकी है। अधिकारियों ने आम जनता से बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है।



