
रायपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर 2025 को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी। उनके इस दौरे से पहले, मुख्य सचिव (CS) विकास शील ने 11 नवंबर को नवा रायपुर में अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में मुख्य सचिव अधिकारियों से तैयारियों का जायजा लेंगे और प्रवास के मद्देनजर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा करेंगे। साथ ही, जिम्मेदारियाँ भी बाँटी जाएँगी ताकि राष्ट्रपति के दौरे में कोई व्यवधान न हो।
बैठक में ये प्रमुख अधिकारी होंगे शामिल
मुख्य सचिव विकास शील द्वारा ली जा रही इस बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह विभाग, पुलिस महानिदेशक, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव आदिम जाति विभाग, राज्यपाल के सचिव, सचिव लोक निर्माण विभाग, सचिव स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग, आयुक्त सरगुजा संभाग, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज, आयुक्त जनसंपर्क, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सरगुजा सहित कई प्रमुख अधिकारी शामिल होंगे।
सरगुजा में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अंबिकापुर आएँगी। अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में 19 और 20 नवंबर को दो दिन का यह भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ की जनजातीय परंपरा, संस्कृति और गौरव का प्रदर्शन किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगी और प्रदेश के जनजातीय समुदायों से सीधे संवाद भी करेंगी।
महतारी वंदन योजना की किस्त नहीं आई? जानिए कैसे चेक करें अपना स्टेटस और पाएं 1000 रुपये



