
छत्तीसगढ़ के अन्नदाताओं के लिए शनिवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने होली के त्योहार से ठीक पहले प्रदेश के किसानों को बड़ा तोहफा देते हुए उनके बैंक खातों में 10,324 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि ट्रांसफर कर दी है। यह भुगतान उन्नत कृषि योजना के तहत धान की अंतर राशि (बोनस) के रूप में किया गया है। बिलासपुर जिले के बिल्हा में आयोजित एक भव्य किसान सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने एक क्लिक के जरिए प्रदेश के लाखों किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी। इस राशि के मिलने से ग्रामीण इलाकों में होली का उत्साह दोगुना हो गया है।
25 लाख से ज्यादा किसानों को सीधा फायदा
राज्य सरकार की इस घोषणा से छत्तीसगढ़ के 25 लाख से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं। अकेले बिलासपुर जिले की बात करें तो यहाँ के 1 लाख 25 हजार 352 से ज्यादा किसानों के खातों में 494.38 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं। सीएम साय ने इस अवसर पर कहा कि उनकी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और वादे के अनुसार धान की अंतर राशि का सीधा भुगतान किया जा रहा है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे प्रदेश भर के किसानों ने देखा और अपनी खुशी जाहिर की। अब किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम सीधे उनके खातों में मिल रहा है, जिससे खेती-किसानी को नई मजबूती मिलेगी।



