रायपुर में भूपेश बघेल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज: तेली समाज को गाली देने के आरोप

रायपुर: राजधानी रायपुर में रविवार शाम राजनीति एक बार फिर से गरमा गई। बीजेपी के ओबीसी वर्ग के नेता सिविल लाइन थाने पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। नेताओं का आरोप है कि बघेल ने तेली समाज का अपमान किया है।

“भूपेश है तो भरोसा है” पेज से की गई आपत्तिजनक पोस्ट

शिकायत में कहा गया है कि “भूपेश है तो भरोसा है” नामक सोशल मीडिया पेज से तेली समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पर भी आपत्तिजनक वीडियो साझा कर उनका अपमान किया गया है।

मोतीलाल साहू के नेतृत्व में पहुंचे BJP के OBC नेता

रायपुर ग्रामीण से बीजेपी विधायक मोतीलाल साहू के नेतृत्व में ओबीसी वर्ग के कई नेता सिविल लाइन थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सौंपे पत्र में लिखा कि भूपेश बघेल जातीय अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं और तेली समाज के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है।

“जातीय भेद पैदा कर रहे हैं भूपेश बघेल”- शिकायत में आरोप

शिकायत में कहा गया है कि प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर बघेल अपने जातीय समर्थकों के साथ मिलकर प्रदेश में जाति आधारित भेदभाव और अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। पत्र में आरोप लगाया गया कि पूर्व सीएम बघेल पहले भी कांग्रेस के अंदर “साहू बनाम बघेल” का मुद्दा बनाकर राजनीति कर चुके हैं, और अब चुनाव में हार के बाद फिर से ऐसी रणनीति अपना रहे हैं।

“तेली समाज और CM साय दोनों का अपमान”

शिकायत में यह भी कहा गया है कि बघेल द्वारा की गई पोस्ट से स्पष्ट होता है कि उन्होंने सीधे तौर पर तेली समाज को गाली दी है और साथ ही प्रदेश के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का भी अपमान किया गया है। इससे प्रदेश के विभिन्न समाजों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।

मोदी के दौरे से जोड़कर लगाया गया राजनीतिक आरोप

पत्र में आगे लिखा गया है कि इस समय प्रदेश राज्योत्सव और रजत महोत्सव मना रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दो बार प्रदेश के दौरे पर आने वाले हैं। ऐसे में यह पूरा विवाद राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया जा रहा है। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि चूंकि मोदी भी तेली समाज से आते हैं, इसलिए साहू समाज को अपमानित करने की साजिश रची गई है।


Also Read: VIDEO: राज्योत्सव से पहले रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़ने पर बवाल: क्रांति सेना और पुलिस में झड़प, CM साय और भूपेश बघेल ने कहा…

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button