
Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक असामाजिक कृत्य का मामला सामने आया है, जिसके बाद से क्षेत्र में सामाजिक तनाव और आक्रोश व्याप्त हो गया है। बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर स्थित लाखासर मोड़ के पास संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोबर फेंक कर अपमानित करने का मामला उजागर हुआ है। इस घटना की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
लाखासर मोड़ पर अंबेडकर प्रतिमा पर असामाजिक तत्व ने पोता गोबर
BSP Ultimatum to Police: प्रदर्शनकारियों के अनुसार किसी अज्ञात असामाजिक तत्व ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के चेहरे और पूरे शरीर पर गोबर फेंक दिया। इस हरकत की खबर जंगल में आग की तरह फैली, जिससे क्षेत्र के बहुजन समाज और स्थानीय निवासियों में गहरा रोष फैल गया। लोगों ने इसे केवल एक महापुरुष का अपमान नहीं, बल्कि पूरे समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सुनियोजित साजिश बताया है।

बसपा नेता ने दी चेतावनी, 5 दिनों में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
Bilaspur Takhatpur Highway Protest:घटनास्थल पर पहुंचे बहुजन समाज पार्टी तखतपुर के महासचिव अखिलेश कोशले ने घटना पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर पूरे देश के सर्वमान्य नेता और संविधान निर्माता हैं, उनकी प्रतिमा का ऐसा अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर आरोपी को 5 दिनों के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।
5 दिन का अल्टीमेटम, गिरफ्तारी न होने पर चक्काजाम का ऐलान
बसपा महासचिव अखिलेश कोशले ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तय समयसीमा यानी 5 दिनों के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार नहीं किया जाता है, तो बहुजन समाज के लोग बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर अनिश्चितकालीन चक्काजाम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उग्र आंदोलन के चलते आम जनता को परेशानी होती है या कानून-व्यवस्था बिगड़ती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और स्थानीय पुलिस प्रशासन की होगी।
मौके पर धरना जारी, सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
घटना के बाद से ही प्रतिमा स्थल पर बहुजन समाज का शांतिपूर्ण धरना जारी है। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल मौके पर तैनात है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के इलाकों और मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

क्षेत्र में पुलिस बल तैनात, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
घटना के बाद किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तखतपुर और आसपास के थानों की पुलिस अलर्ट मोड़ पर है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस टीम जल्द ही आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
Also Read:



