Bijapur Naxal Attack: बीजापुर में नक्सलियों की कायराना हरकत, अमित शाह के दौरे से पहले दो लोगों की हत्या

बीजापुर। Bijapur Naxal Attack: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले बीजापुर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी कायरता दिखाते हुए दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। जिनकी हत्या की गई, उनमें से एक पूर्व माओवादी था जिसने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा की जिंदगी अपनाई थी, जबकि दूसरा एक ग्रामीण था।

यमपुर सैंड्रा बोर गांव में घटी वारदात

घटना बीजापुर जिले के पामेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत यमपुर सैंड्रा बोर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, बीती रात नक्सलियों ने गांव में घुसकर पहले से आत्मसमर्पित माओवादी वेको देवा और एक ग्रामीण समैया को उठाया और मुखबिरी के शक में दोनों को मौत के घाट उतार दिया। इस दोहरी हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण डरे-सहमे हैं और प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं।

SP ने दी जानकारी

बीजापुर के एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है। मामले की तस्दीक की जा रही है और आगे की कार्रवाई जल्द की जाएगी।

अमित शाह के दौरे से पहले नक्सली सक्रिय

यह वारदात ऐसे वक्त में हुई है जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज ही छत्तीसगढ़ के दौरे पर आने वाले हैं। माना जा रहा है कि नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम देकर सरकार और सुरक्षा एजेंसियों को सीधी चुनौती देने की कोशिश की है।

सवाल फिर वही – कब तक चलेगा ये खूनी खेल?

हर बार की तरह एक बार फिर सवाल खड़ा होता है – आखिर कब तक आदिवासी इलाकों के लोग नक्सल हिंसा का शिकार बनते रहेंगे? आत्मसमर्पण कर चुके माओवादी भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम ग्रामीणों का क्या होगा?

सरकार और सुरक्षाबलों को इस घटना को सिर्फ निंदा करके नहीं छोड़ना चाहिए, बल्कि यह वक्त है निर्णायक कार्रवाई का।

Also Read: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मातृ-शिशु चिकित्सालय की रखी आधारशिला, 8.77 करोड़ की लागत से बनेगा 50 बिस्तरों की अस्पताल…

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button