
बिलासपुर: Brahman Premier League: भारतीय क्रिकेट टीम के तूफानी ऑलराउंडर रिंकू सिंह आज (22 नवंबर) छत्तीसगढ़ में मौजूद रहेंगे। वह बिलासपुर में आयोजित ब्राह्मण प्रीमियर लीग (BPL) के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह खिताबी भिड़ंत तात्या टाइटंस और वल्लभ वेंचर्स के बीच होने जा रही है। बिलासपुर के सरकंडा खेल परिसर में आयोजित इस भव्य आयोजन में, कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह न सिर्फ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएंगे, बल्कि युवाओं से मिलकर उन्हें खेल और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करेंगे। उनकी दमदार बल्लेबाजी और फिनिशिंग स्टाइल के कारण क्रिकेट प्रेमियों में उनके आगमन को लेकर जबरदस्त उत्साह है।
फाइनल मुकाबले में शामिल होंगे रिंकू सिंह, बढ़ेगा खिलाड़ियों का उत्साह
रिंकू सिंह का छत्तीसगढ़ आना राज्य के ब्राह्मण समुदाय के साथ-साथ सभी समुदायों और प्रदेशवासियों के लिए गर्व की बात है। इस लीग का उद्देश्य खेलों के माध्यम से सर्व-ब्राह्मण समाज के साथ अन्य सभी समाजों के बीच एकता और सौहार्द को बढ़ावा देना है। आयोजन समिति का मानना है कि रिंकू सिंह की उपस्थिति इस प्रतियोगिता को एक नई ऊँचाई देगी और क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल पैदा करेगी। यह फाइनल मुकाबला जिला खेल परिसर में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।
तात्या टाइटंस और वल्लभ वेंचर्स के बीच खिताबी जंग
बीपीएल के फाइनल में पहुँचने वाली दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में धमाकेदार प्रदर्शन किया था। पहले सेमीफाइनल मैच में तात्या टाइटंस ने बाजीराव ब्लास्टर्स को 48 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। तात्या टाइटंस के खिलाड़ी अंशुल मिश्रा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में वल्लभ वेंचर्स ने रघुनाथ रेंजर्स को दस विकेट से करारी शिकस्त दी। इस आसान जीत के साथ वल्लभ वेंचर्स ने भी फाइनल का टिकट कटा लिया। अब शनिवार को ये दोनों टीमें ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगी।

सामाजिक सद्भाव को समर्पित रहा सेमीफाइनल
इस आयोजन के मुख्य कर्ता-धर्ता पंडित विनय शर्मा ने बताया कि यह लीग केवल क्रिकेट तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका एक मजबूत सामाजिक संदेश भी है। जिस प्रकार श्रद्धेय बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के साथ सभी समाजों को समरसता के सूत्र में पिरोया, उसी प्रकार बीपीएल के माध्यम से भी हर दिन का मैच किसी न किसी समाज को समर्पित कर सर्व समाज के बीच सद्भाव और एकता जगाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में, 21 नवंबर को खेला गया सेमीफाइनल मुकाबला आदिवासी समाज के नायक बिरसा मुंडा को समर्पित किया गया था।
सेमीफाइनल मैच में शामिल हुए कई गणमान्य अतिथि
21 नवंबर को हुए सेमीफाइनल मैच में मुख्य अतिथि के तौर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा उपस्थित रहीं। उनके अलावा, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय तोमर, और कई पार्षद भी अतिथियों के रूप में शामिल हुए। सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए आदिवासी समाज के अध्यक्ष सुभाष पोर्ते और समाज सेवी जेठू साहू जैसे गणमान्य लोग भी इस आयोजन का हिस्सा बने।



