
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सुकमा में तैनात डीएसपी तोमेश वर्मा पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी घटना एचडीएफसी बैंक के पास हुई जहाँ आरोपियों ने न केवल अधिकारी के साथ मारपीट की बल्कि उन्हें करीब 3 घंटे तक बंधक बनाकर रखा। इस अपहरण और हमले की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और डीएसपी को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, हमले की वजह तलाश रही पुलिस
Dantewada News: पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि हमले के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपियों की डीएसपी से कोई पुरानी रंजिश थी या यह किसी तात्कालिक विवाद का नतीजा है। दंतेवाड़ा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात राजपत्रित अधिकारी के साथ ऐसी वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



