
Delhi News: दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए पांच मंजिला इमारत हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के 20 वर्षीय युवराज सोनी की भी जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 7 हो गई है। मृतक युवराज दिल्ली यूनिवर्सिटी के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष का छात्र था और सत्य निकेतन स्थित ‘हॉस्टल डेज’ नाम के बॉयज पीजी में रहता था। हादसे के बाद से ही दुर्ग स्थित उनके निवास स्थान पर मातम छाया हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इकलौते भाई की मौत से बिलख रही नौवीं में पढ़ने वाली बहन
Delhi PG Collapse Update: युवराज अपने परिवार का इकलौता बेटा था। हाल ही में रक्षाबंधन के त्योहार पर उसकी नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छोटी बहन ने उसे राखी बांधी थी। परिवार को अपने होनहार बेटे से काफी उम्मीदें थीं, जो इस हादसे के बाद बिखर गईं। हादसे की खबर मिलते ही युवराज के माता-पिता और परिजन तुरंत दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

वर्तमान में युवराज का शव दिल्ली एम्स ट्रॉमा सेंटर में रखा गया है। दुर्ग जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और शव को वापस दुर्ग लाने की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।
बेसमेंट की खुदाई और कमजोर नींव बनी हादसे की मुख्य वजह
प्राथमिक जांच के अनुसार इमारत के गिरने की वजह नीचे चल रहा बेसमेंट निर्माण कार्य बताया जा रहा है। खुदाई के कारण इमारत के पिलर और नींव पर अतिरिक्त दबाव पड़ा, जिससे पहले से कमजोर पिलर ढह गए। रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे जब यह हादसा हुआ, तब छुट्टी होने के कारण कई छात्र अपने कमरों में ही मौजूद थे। हादसा इतना अचानक हुआ कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिल्डिंग मालिक हरिराम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मलबे के अंदर दबे छात्रों ने फोन कर मांगी थी मदद
इमारत गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे के नीचे दबे कुछ छात्रों ने अपने मोबाइल से फोन करके बाहर फंसे साथियों और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलने के करीब 15 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे से 11 लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें से 5 लोगों ने मौके पर या अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना का एक 20 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें इमारत ढहते ही बाहर बैठा व्यक्ति जान बचाकर भागता नजर आ रहा है।
हादसे के बाद जागा प्रशासन, MCD ने जारी किया नोटिस
इस भीषण दुर्घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) हरकत में आया है। एमसीडी ने सुरक्षा के लिहाज से गिरे हुए पीजी के आसपास बनी अन्य इमारतों की जांच शुरू कर दी है। कई इमारतों को जर्जर और खतरनाक घोषित करते हुए तुरंत खाली कराने का नोटिस थमा दिया गया है ताकि किसी अन्य अनहोनी से बचा जा सके। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में बिना अनुमति के अवैध निर्माण और बेसमेंट की खुदाई लंबे समय से चल रही थी, जिस पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया।

गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुख, रोका अपना कार्यक्रम
सत्य निकेतन इमारत हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे की सूचना मिलते ही उन्होंने गोवा में चल रहे अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को रोक दिया और वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर राहत व बचाव कार्य की जानकारी ली।
गृह मंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और स्थानीय प्रशासन को प्रभावितों को तुरंत हर संभव चिकित्सीय व अन्य सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।



