धमतरी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, ईमेल पर तमिलनाडु से आया धमकी भरा मेल

धमतरी: जिला सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि कोर्ट की एनआईसी ईमेल आईडी पर तमिलनाडु से हिंदी भाषा में एक मेल प्राप्त हुआ है, जिसमें जहर बम के जरिए न्यायालय परिसर को नुकसान पहुंचाने की बात लिखी गई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।

कोर्ट परिसर में सघन जांच, हर आने-जाने वाले पर नजर

धमकी के बाद न्यायालय परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर हर कोने की गहन जांच कर रहा है। कोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

अफवाह की आशंका, फिर भी कोई जोखिम नहीं

एसपी परिहार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला अफवाह जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से किसी भी तरह की ढील नहीं दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी इसी तरह की सूचना पर करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया था, जिसमें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।

बीडीएस और डॉग स्क्वायड की जांच जारी

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीएस टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर तैनात कर विस्तृत जांच कराई जा रही है। फिलहाल किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा ईमेल कहां से और किस उद्देश्य से भेजा गया।

Also Read: छत्तीसगढ़ के कोर्ट परिसरों में बम की दहशत: सरगुजा और जगदलपुर न्यायालय को उड़ाने की धमकी, राजनांदगांव में दूसरी बार आया ईमेल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button