
Dhamtari News Water Shortage Tragedy: छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र के बठेना वार्ड में रविवार शाम एक दर्दनाक दुर्घटना सामने आई। घर में बने पानी की टंकी के पास लगे नल से पानी भरते समय संतुलन बिगड़ने से 46 वर्षीय महिला सीधे टंकी के भीतर जा गिरी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान पूर्णिमा ध्रुव के रूप में हुई है, जो अपने घर में अकेली रहती थी।
छत पर खड़े पड़ोसी ने देखा हादसा, पुलिस को दी सूचना
Dhamtari Purnima Dhruw Incident: रविवार की शाम जब पूर्णिमा ध्रुव पानी भर रही थी, तभी अचानक उसका पैर फिसला या संतुलन बिगड़ा और वह सीधे गहरी टंकी में गिर गई। सामने वाले मकान की छत पर मौजूद एक पड़ोसी ने महिला को अचानक पानी की टंकी में गिरते हुए देख लिया। उसने तुरंत दौड़कर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
Dhamtari Police Postmortem Report: घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत बठेना वार्ड पहुंची। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को टंकी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने घटना स्थल का पंचनामा तैयार कर शव को चीरघर भेजा। सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
बठेना वार्ड में लंबे समय से बना हुआ है पानी का संकट
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बठेना वार्ड के कई हिस्सों में लंबे समय से पीने के पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। नगर निगम द्वारा जमीन के स्तर पर बनाई गई टंकियों और निचले टेप नलों के सहारे ही लोगों को पानी भरना पड़ता है। झुककर पानी निकालते समय हादसों का डर हमेशा बना रहता है। इस दुखद घटना के बाद आक्रोशित वार्डवासियों ने प्रशासन से इलाके में जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।



