
धमतरी: Gangrel Dam Water Level: जिले में स्थित रविशंकर सागर बांध (गंगरेल) का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और यह अब 90 प्रतिशत भराव की स्थिति में पहुंच चुका है। शनिवार को जलस्तर 347.85 मीटर दर्ज किया गया, जबकि इसका अधिकतम भराव स्तर 348.70 मीटर है। ऐसे में अब प्रशासन संभावित बाढ़ की आशंका को लेकर सतर्क हो गया है।
Ravishankar Sagar Dam: कैचमेंट क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के चलते रोजाना करीब 14 हजार क्यूसेक पानी बांध में आ रहा है, जिससे जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। यदि बारिश की यही स्थिति बनी रही, तो गेट खोलने की नौबत आ सकती है, जिससे डाउनस्ट्रीम इलाके में अचानक जलप्रवाह बढ़ सकता है।

कलेक्टर ने दिए अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
Dam Gate Opening Alert: धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने संभावित स्थिति को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों और निचले इलाकों के लिए अग्रिम तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है और स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि लोगों और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखें।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि जैसे ही गेट खोलने की जरूरत होगी, उसके पहले जनता को चेतावनी और सूचना दी जाएगी।
पड़ोसी जिलों और ओडिशा को भेजी गई सूचना
Gangrel Dam 90% full: गंगरेल बांध से निकलने वाला पानी रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ होते हुए ओडिशा के संबलपुर तक पहुंचता है। इसलिए इन सभी जिलों के कलेक्टरों को तत्काल सूचना भेजी गई है, ताकि वहां भी अलर्ट पर रहकर तैयारी की जा सके।

आपदा प्रबंधन टीम और पुलिस बल तैयार
Dhamtari News: संभावित खतरे को देखते हुए आपदा प्रबंधन दल, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस बल को चौकन्ना रहने को कहा गया है। गेट खुलने की स्थिति में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बंदोबस्त और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही, प्रशासन ने मोबाइल अलर्ट, टीवी, रेडियो और समाचार पत्रों के माध्यम से जनचेतावनी जारी करने का फैसला लिया है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या अफरा-तफरी से बचा जा सके।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में, लेकिन सतर्कता जरूरी
Dhamtari Gangrel Dam: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभी स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बारिश जारी रही तो जलस्तर और बढ़ सकता है। ऐसे में गांवों, किसानों और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी की गई सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।



