Dhamtari Jaundice Outbreak: धमतरी के इस गांव में पीलिया का कहर, गंदे पानी से फैल रहा संक्रमण, बच्चों की हालत नाज़ुक

धमतरी – Dhamtari Jaundice Outbreak: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के रुद्री गांव में पीलिया ने धीरे-धीरे महामारी का रूप लेना शुरू कर दिया है। बीते एक महीने से गांव में लगातार यह बीमारी फैल रही है और अब तक दर्जन भर से ज्यादा लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। सबसे चिंताजनक बात ये है कि संक्रमितों में सबसे ज्यादा संख्या बच्चों की है और कई की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।

गंदे पानी ने बढ़ाई बीमारी, हर घर में बीमार

गांववालों का कहना है कि जिस टंकी से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होनी चाहिए, उसके ठीक पास एक गंदा नाला बह रहा है। इस नाले की गंदगी टंकी के पानी में मिल रही है, और यही वजह मानी जा रही है कि गांव के कई घरों तक अशुद्ध पानी पहुंच रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अब गांव का शायद ही कोई घर बचा हो जहां पीलिया का मरीज न हो।

पीलिया ग्रसित मरीज के आँख

इलाज जारी, लेकिन डर कायम

कुछ ग्रामीण शासकीय अस्पतालों में इलाज करवा रहे हैं तो कुछ निजी अस्पतालों की शरण ले रहे हैं। बावजूद इसके संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हो रही। एक के बाद एक लोग इसकी चपेट में आते जा रहे हैं, जिससे पूरे गांव में डर का माहौल बन गया है।

पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम ने गांव की टंकी और घरों में सप्लाई हो रहे पानी के सैंपल इकट्ठा कर लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ़ हो पाएगा कि पानी में किस तरह का बैक्टीरिया है और क्या वही इस बीमारी की जड़ है।

स्वास्थ्य विभाग की अपील – उबालकर पानी पिएं

स्वास्थ्य विभाग ने फिलहाल गांव में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर शुरू कर दिया है और लोगों को साफ-सफाई रखने, पानी उबालकर पीने और संक्रमित लोगों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ी तो और मेडिकल टीमें भेजी जाएंगी।

Also Read: मगरलोड के परसवानी में बिच्छू का कहर: 7 साल की बच्ची की दर्दनाक मौत, कुछ दिनों में दूसरी घटना

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button