धमतरी मिनी गोवा को मिलेगी नई पहचान, गंगरेल तक पहुंचेगी चमचमाती सड़क

धमतरी का गंगरेल डैम यानी ‘मिनी गोवा’, अब और भी खूबसूरत और सुविधाजनक बनने वाला है। यहां आने वाले पर्यटकों के लिए अब सफर आसान होगा, क्योंकि जल्द ही गंगरेल तक की सड़कों को चौड़ा और चमचमाता बनाया जाएगा। धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए करोड़ों रुपये की लागत से सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर भेजा है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू होगा।

दो रास्ते होंगे चौड़े, सफर होगा सुगम

गंगरेल तक पहुंचने के लिए दो मुख्य मार्गों को दुरुस्त किया जाएगा। पहला मार्ग अंबेडकर चौक से रुद्री तक का है, जिसे फोर लेन बनाने की तैयारी हो चुकी है। इस मार्ग के लिए 80 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बजट में शामिल किया गया है।
दूसरा रास्ता पुरूर, सोरम, भटगांव और नवागांव होते हुए गंगरेल पहुंचने का है, जिसे 14 किलोमीटर तक चौड़ा कर 20 फीट का बनाया जाएगा। इसके लिए 27 करोड़ रुपये की योजना प्रस्तावित है।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, ट्रैफिक होगा कंट्रोल

महापौर रामू रोहरा के मुताबिक, यह सिर्फ सड़क निर्माण का मामला नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के पर्यटन को नया जीवन देने वाला कदम है। चौड़ी सड़कों से जहां पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं धमतरी की ट्रैफिक व्यवस्था भी सुधरेगी। फोर लेन रोड बनने से एक्सिडेंट के मामलों में भी कमी आएगी और यातायात बाधित नहीं होगा।

बस्तर, बालोद, राजनांदगांव से सीधा जुड़ाव

महापौर ने बताया कि बस्तर, बालोद और राजनांदगांव की ओर से आने वाले पर्यटकों को अब धमतरी शहर में घुसने की जरूरत नहीं होगी। पुरूर-सोरम मार्ग के चौड़ीकरण के बाद लोग सीधे गंगरेल पहुंच सकेंगे। इससे समय भी बचेगा और धमतरी शहर पर ट्रैफिक का बोझ भी कम होगा।

गंगरेल को पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी

महापौर रामू रोहरा ने साफ किया कि यह केवल सड़क तक सीमित नहीं है। गंगरेल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की शुरुआत हो चुकी है। पहले चरण में सड़कें सुधारी जाएंगी, उसके बाद बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

कुल बजट में 100 करोड़ से ज्यादा की योजना

इस संपूर्ण परियोजना के तहत 80 करोड़ अंबेडकर चौक से रूद्री फोर लेन मार्ग के लिए और 27 करोड़ पुरूर-सोरम मार्ग के लिए प्रस्तावित किए गए हैं। यानी गंगरेल को बेहतर बनाने के लिए कुल 107 करोड़ रुपये की योजना पर काम चल रहा है।

गंगरेल को अब सही मायनों में ‘मिनी गोवा’ बनाने की तैयारी है। चमचमाती सड़कें, सुगम पहुंच और बेहतर सुविधाएं — ये सब मिलकर न सिर्फ पर्यटकों का अनुभव बेहतर बनाएंगे बल्कि धमतरी जिले की पहचान को भी निखारेंगे।

महापौर रामू रोहरा के इस विजन के साथ उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में गंगरेल सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे भारत का एक प्रमुख पर्यटन स्थल बनकर उभरेगा।

Also Read: Dhamtari Crime: धमतरी में गाली देने से मना करने पर चाकू से ऐसा गोद डाला कि अंतड़ियां बाहर आ गई, इलाज के दौरान मौत

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button