
धमतरी: Dhamtari News: धमतरी पुलिस ने जिले में नशे और अपराध पर लगाम कसने के लिए शनिवार सुबह एक विशेष सघन अभियान ‘ऑपरेशन निश्चय 3.0’ चलाया। आईजी रायपुर रेंज अमरेश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में एसपी धमतरी के नेतृत्व में पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 92 स्थानों पर दबिश दी। इस बड़े ऑपरेशन में कुल 18 टीमें बनाकर गुंडा-बदमाशों, असामाजिक तत्वों और अवैध कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की गई।

अभियान में 25 आरोपी गिरफ्तार, कई बड़े खुलासे
Dhamtari Police: पुलिस के इस विशेष अभियान में मादक पदार्थों के अवैध कारोबारियों और शराब बेचने वालों पर मुख्य रूप से कार्रवाई की गई।

- एनडीपीएस एक्ट (गांजा): कुल 03 मामले दर्ज किए गए और 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 1 किलो 90 ग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त किया गया।
- आबकारी एक्ट (अवैध शराब): 20 मामलों में 20 आरोपियों को पकड़ा गया, जिनके पास से 84.100 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
- आर्म्स एक्ट (चाकूबाजी): 02 मामलों में 02 आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
- प्रतिबंधात्मक कार्रवाई: कुल 22 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं (बीएनएसएस 170 बीएनएसएस और 126-135) के तहत कार्रवाई की गई।

जर्दा-गुटखा फैक्ट्री पर भी दबिश
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस को एक ऐसी फैक्ट्री का भी पता चला जहाँ जर्दा गुटखा बनाने के लिए हैवी मशीनरी लगी हुई थी। पुलिस अब इस अवैध फैक्ट्री के संबंध में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

गौरतलब है कि धमतरी पुलिस लगातार नशे और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। मात्र दो दिन पहले ही पुलिस ने सघन अभियान चलाकर एक ही दिन में 37 आबकारी मामलों में कार्रवाई की थी, जिसमें कई ढाबों पर भी छापे मारे गए थे।
धमतरी पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नशे के विरुद्ध लड़ाई लड़ने और गुंडा-बदमाशों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे सघन अभियान निरंतर जारी रहेंगे।



