
Dhamtari Road Accident: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन भीषण सड़क हादसों में दो बाइक सवारों की मृत्यु हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की नाज़ुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है। मृतकों में से एक व्यक्ति अपनी बहन को तीजा पर्व के लिए मायके से लेकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया।
तीजा लेकर लौट रहे भाई को पिकअप ने मारी टक्कर
Dhamtari News: अस्पताल पुलिस चौकी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांकेर जिले के चारामा थाना अंतर्गत ग्राम बड़े गौरी निवासी रामेश्वर सिन्हा (45 वर्ष) अपनी बहन नीता सिन्हा को तीजा पर्व के लिए लेने ग्राम मोखा (गुरुर) गया हुआ था। बहन को साथ लेकर घर लौटते समय नेशनल हाईवे पर जगतरा टोल प्लाजा के आगे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान रामेश्वर सिन्हा की मौत हो गई।

भखारा क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा
Bhakhara News: दूसरी दुर्घटना भखारा क्षेत्र में घटी, जहां ग्राम अंवरी निवासी राजू यादव (45 वर्ष) गुरुवार शाम किराना सामान खरीदने भखारा बाजार गया हुआ था। सामान लेकर वापस लौटते समय सिर्वे-पुरैना मोड़ के पास शाम करीब 4 बजे किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बुरी तरह घायल राजू यादव को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने देर रात जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
लग्जरी बस की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल
Dhamtari Accident News: तीसरी घटना शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे पर चिटौद के पास हुई। पुरूर निवासी तोषण जोशी (26 वर्ष) और चंदनबिरही निवासी कान्हा साहू (26 वर्ष) बाइक से धमतरी आए थे। वापस पुरूर लौटते समय पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार लग्जरी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग और डायल 112 की टीम ने घायलों को जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च केंद्र रेफर कर दिया।



