
Dhamtari Triple Murder Case Video: धमतरी जिले के भोयना गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक ढाबे के बाहर मामूली विवाद में तीन युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने वारदात के बाद पुलिस वाहन में बैठते समय विक्ट्री पोज में फोटो खिंचवाई।

झगड़ा ढाबे में शुरू हुआ, चाकू से हमला कर की गई हत्या
Dhamtari Dhaba Murder Case video: मामला अन्नपूर्णा ढाबा के बाहर का है, जो मथुराडीह मोड़ के पास स्थित है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी खाना खाने के बाद जब ढाबे से बाहर निकले तो पैसे मांगने पर भड़क गए। पहले कुर्सियां तोड़ी गईं और फिर झगड़ा बढ़ता चला गया। उसी समय रायपुर से कुछ युवक वहां खाना खाने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक ने बीड़ी मांगी, जिस पर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी युवकों पर चाकू से हमला करने लगे। मौके पर ही दो भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई।

पुलिस ने रातभर की छानबीन, 8 आरोपी पकड़े गए
Dhamtari Police Action: घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एक-दो आरोपियों को हिरासत में लिया। बाकी आरोपी फरार हो गए थे। रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया और सुबह तक सभी 8 आरोपियों को पकड़ लिया गया। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस को घटनास्थल से खून से सना खंजर भी मिला है, जिसका इस्तेमाल हत्या में किया गया था।

आरोपियों के चेहरे पर नहीं दिखा कोई पछतावा
Dhamtari Crime News: सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जब आरोपियों को पुलिस वाहन में बिठाया गया, तब उन्होंने विक्ट्री पोज में तस्वीरें खिंचवाईं। चेहरे पर न पछतावा था, न डर।
ढाबे में मारपीट का वीडियो भी सामने आया
Dhamtari News: इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ढाबे में मारपीट होते हुए देखी जा सकती है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर और एसपी से की मुलाकात
Former MLA Ranjana Sahu: ट्रिपल मर्डर मामले को लेकर पूर्व विधायक रंजना साहू के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। पार्टी स्तर पर मिले निर्देशों के तहत प्रतिनिधिमंडल ने घटना को लेकर चिंता जताई और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक रंजना साहू के साथ जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन, निगम एमआईसी सदस्य विजय मोटवानी, नरेंद्र रोहरा, देवेश अग्रवाल, हेमंत चंद्राकर, ऋषभ देवांगन, विजय साहू और रिकी गंगवानी शामिल रहे।

देखिये वारदात का वीडियो –
धमतरी में बढ़ते अपराध चिंताजनक, नशे के कारण हुई वारदात
पूर्व विधायक रंजना साहू ने कहा कि धमतरी में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। इसी को लेकर भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए थीं। उन्होंने बताया कि एसपी से इस मामले में लंबी चर्चा हुई है और प्रशासन भी गंभीरता से काम कर रहा है। नशे को लेकर अभियान चल रहा है, लेकिन नशे की सामग्री आसानी से उपलब्ध हो रही है, जो चिंता का विषय है। खासकर कम उम्र के लड़के नशे की लत में पड़ते जा रहे हैं।

उन्होंने मांग की कि ग्रामीण इलाकों से लेकर शहर के सभी वार्डों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, विशेषकर संविधान सिविल क्षेत्र में। साथ ही महिला कमांडो यूनिट को दोबारा सक्रिय करने की जरूरत बताई, जो पिछले पांच वर्षों में निष्क्रिय हो गई थी। गिरफ्तार आरोपियों द्वारा पुलिस जीप में विक्ट्री पोज देने पर रंजना साहू ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह शर्मनाक है और ये आरोपी अब बेखौफ हो चुके हैं। पुलिस को चुनौती देना गंभीर मामला है और इन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस का हमला: अपराधियों जैसी हंसी मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के चेहरे पर
ट्रिपल मर्डर मामले को लेकर कांग्रेस ने धमतरी की ट्रिपल मर्डर घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने कहा कि पूरे प्रदेश में अफरातफरी मची हुई है, लेकिन मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के चेहरे पर एक तरह की बेशर्मी भरी मुस्कान नजर आ रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस तरह से तीन लोगों की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपी युवक पुलिस जीप में बैठकर हंसते हुए विक्ट्री साइन दिखा रहे थे, वह साफ तौर पर कानून व्यवस्था की कमजोरी और शासन की नाकामी को उजागर करता है।
आरोपी आसपास के गांवों के रहने वाले
धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि सभी आरोपी मथुराडीह, भोयना और कोर्रा जैसे नजदीकी गांवों के रहने वाले हैं। फिलहाल सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।



