
धमतरी: Dhamtari Railway Connectivity: धमतरी जिले को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रायपुर से धमतरी तक ब्रॉडगेज रेलवे लाइन का काम अब अंतिम चरण में है और इसे दिसंबर 2025 तक पूरा कर ट्रेन संचालन शुरू करने का लक्ष्य तय किया गया है। इस काम के पूरा होते ही धमतरी को व्यापारिक और औद्योगिक रूप से एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
कलेक्टर और डीसीएम ने की बैठक, स्टेशन का किया निरीक्षण
Dhamtari Railway Station: गुरुवार को कलेक्टोरेट में रेलवे के डिविजनल कमर्शियल मैनेजर (DCM) अवधेश कुमार त्रिवेदी ने महापौर रामू रोहरा और कलेक्टर अविनाश मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान रेलवे प्रोजेक्ट की प्रगति, चुनौतियों और आगामी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद त्रिवेदी, मिश्रा और रोहरा ने निर्माणाधीन धमतरी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर की सुविधाओं का जायजा लिया गया। डीसीएम त्रिवेदी ने स्टेशन के लिए अलग पार्किंग जोन और मेन गेट का प्रस्ताव बनाने को कहा। वहीं कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि रेलवे स्टेशन को शहर के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ने के लिए रूट मैप तैयार कर लिया गया है।
चावल, खाद और दूसरे कृषि उत्पादों को मिलेगा सीधा रास्ता
Dhamtari Railway Project: डीसीएम त्रिवेदी ने बताया कि रायपुर-धमतरी ब्रॉडगेज लाइन के शुरू होते ही जिले में औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को जबरदस्त गति मिलेगी। खासतौर पर चावल और खाद जैसे प्रमुख कृषि उत्पादों का सीधे जिले से आयात-निर्यात संभव होगा। इससे न केवल व्यापारियों को लाभ होगा, बल्कि किसानों की आय में भी इज़ाफा होगा।
लॉजिस्टिक हब बनने की ओर बढ़ रहा धमतरी
Dhamtari Logistics Hub: कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि रेलवे प्रोजेक्ट को लेकर जो भी रुकावटें आ रही हैं, उन्हें प्राथमिकता से हल किया जा रहा है। शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने का काम भी तेज़ी से चल रहा है। इसके साथ ही, रेलवे स्टेशन के आसपास के इलाकों को लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम हो रहा है।
अछोटी और चटौद में बनेगा रैक पॉइंट, हाईवे के पास हो प्राथमिकता
Railway Connectivity: अपने दौरे के दौरान डीसीएम त्रिवेदी ने अछोटी और चटौद गांव में प्रस्तावित रैक प्वाइंट स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैक पॉइंट ऐसी जगह बने जहां ट्रकों और बड़े वाहनों की आवाजाही में कोई दिक्कत न हो। अगर मुमकिन हो तो हाईवे के पास ही जगह चिह्नित की जाए। साथ ही मूलभूत सुविधाएं जल्द से जल्द सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे, धमतरी बनेगा विकास का मॉडल
इस पूरे प्रोजेक्ट का असर सिर्फ व्यापार पर ही नहीं पड़ेगा, बल्कि जिले के युवाओं के लिए भी रोजगार के नए दरवाज़े खुलेंगे। रेलवे स्टेशन, लॉजिस्टिक हब और रैक पॉइंट जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कामों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को काम मिलेगा। धमतरी अब सिर्फ एक छोटा शहर नहीं रहेगा, बल्कि एक उभरता हुआ औद्योगिक और लॉजिस्टिक सेंटर बनेगा।
Raipur-Dhamtari Broad Gauge: धमतरी में दिसंबर 2025 तक रेलवे कनेक्टिविटी शुरू होते ही जिले की तस्वीर बदलने वाली है। सरकार और रेलवे प्रशासन मिलकर शहर को एक मज़बूत आर्थिक केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहे हैं। आने वाले समय में धमतरी सिर्फ नक्शे पर एक जिला नहीं रहेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल का अहम हिस्सा बन जाएगा।



