
Bilaspur Crime News: बिलासपुर के सरकंडा इलाके में रहने वाली एक नाबालिग के साथ जबरन देह व्यापार कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के लापता होने पर परिवार ने अपहरण की आशंका जताई थी। पुलिस की खोजबीन के दौरान नाबालिग रायगढ़ में मिली।
माँ-बेटी ने बहला-फुसलाकर बनाया शिकार
पुलिस जांच में सामने आया कि नाबालिग अपने घरवालों से विवाद के बाद अपनी सहेली के घर चली गई थी। सहेली और उसकी माँ ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर रायगढ़ ले जाया, जहां उसे बंधक बनाकर शराब पिलाई गई और जबरन वेश्यावृत्ति में धकेल दिया गया।
पुलिस को दिए बयान में किए सनसनीखेज खुलासे
नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसकी सहेली और उसकी माँ लिंगियाडीह में रहती हैं और उन्होंने मुख्य आरोपी के साथ मिलकर अवैध धंधे को अंजाम दिया। पीड़िता के अनुसार, उसे लगातार प्रताड़ित कर शारीरिक शोषण के लिए मजबूर किया गया।
4 आरोपी हिरासत में, मुख्य सरगना पर पहले भी केस
इस मामले में पुलिस ने फिलहाल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य सरगना पहले भी पीटा एक्ट के तहत जेल जा चुका है और लंबे समय से देह व्यापार के कारोबार में शामिल है। रायगढ़ के भी कुछ आरोपियों का नाम सामने आया है, जिनकी तलाश की जा रही है।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने बताया कि पीड़िता को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही, आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल रायगढ़ से जुड़े आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।



