
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। राजधानी रायपुर की गनियारी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति ने गंभीर अनुशासनहीनता के आरोप में समिति प्रभारी कौशल वर्मा को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। सरकार धान खरीदी जैसे लोकहित के महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति को बर्दाश्त नहीं कर रही है।
शो-कॉज नोटिस का जवाब नहीं देने पर हुई कड़ी कार्रवाई
समिति प्रभारी कौशल वर्मा को उनकी लगातार अनुपस्थिति के कारण पहले ही शो-कॉज नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में उन्हें तत्काल कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे। इसमें यह भी स्पष्ट किया गया था कि धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में उनकी अनुपस्थिति किसानों के हितों को प्रभावित कर रही है। नोटिस का लिखित जवाब नहीं देने और कार्यालय में हाजिरी नहीं लगाने पर समिति प्रबंधन ने उन्हें तत्काल सेवा से मुक्त करने का आदेश जारी कर दिया।

लोकहित के कई कार्य हुए प्रभावित, माना गया गंभीर दुराचरण
समिति प्रभारी कौशल वर्मा की लगातार अनुपस्थिति के कारण समिति में धान उपार्जन की तैयारी समेत कई जरूरी कार्य प्रभावित हुए। इन कार्यों में रबी ऋण वितरण, खाद–बीज वितरण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े काम शामिल थे। समिति ने इस स्थिति को व्यापक लोकहित के खिलाफ और गंभीर दुराचरण मानते हुए बोर्ड की बैठक में तत्काल बर्खास्तगी का फैसला लिया।
बालोद जिले में दो कृषि विस्तार अधिकारी निलंबित
धान खरीदी से संबंधित लापरवाही पर केवल रायपुर में ही नहीं, बल्कि बालोद जिले में भी कड़ी कार्रवाई की गई है। यहाँ दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को निलंबित किया गया है। इन अधिकारियों को समिति प्रबंधकों के हड़ताल में चले जाने के बाद प्रबंधकों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी और उन्हें प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था, लेकिन वे अनुपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर गिरी गाज
बालोद जिले में गुरुर के नवल किशोर साहू और गुंडरदेही के रवि वर्मा को प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर निलंबित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्य में प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही है। यह कार्रवाई प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है कि किसानों के हितों से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Also Read: VIDEO: अधिकारियों के नाम से नींबू काटेंगे सांसद भोजराज नाग, लापरवाह अफसरों को दी चेतावनी



