
दुर्ग। Dongargarh Road Accident: मां बम्लेश्वरी मंदिर दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं के बीच मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में भिलाई की मेधावी छात्रा और प्रदेश की टॉपर रह चुकी महिमा साहू की मौत हो गई।
तेज रफ्तार जीप ने लिया हादसे का रूप
Bhilai News: मंगलवार सुबह करीब 8 बजे सोमनी थाना क्षेत्र में यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं का जत्था पैदल डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर की ओर बढ़ रहा था। उसी दौरान राजनांदगांव की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार जीप अचानक बेकाबू हो गई और भीड़ में घुस गई। जीप सीधे 20 वर्षीय महिमा साहू से टकराई। टक्कर के बाद महिमा कुछ दूर तक गाड़ी में फंसी रही और गंभीर रूप से घायल हो गई।
भक्तों ने तुरंत उसे भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार और प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
महिमा के मामा नितेश कुमार साहू ने बताया कि चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिमा गाड़ी में फंसकर घिसटती चली गई। परिवार में उसके पिता बीमार रहते हैं और घर की जिम्मेदारी महिमा ही संभालती थी। उन्होंने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की है।

पढ़ाई में हमेशा आगे रही महिमा
महिमा साहू भिलाई के अटल आवास, जामुल की रहने वाली थी। वह न केवल अपने मोहल्ले में बल्कि पूरे जिले में पढ़ाई के लिए जानी जाती थी। 2023 में 12वीं बोर्ड परीक्षा में उसने प्रदेश स्तर पर छठवां स्थान हासिल किया था। इसी मेहनत के दम पर उसे डाक विभाग में मेरिट के आधार पर नौकरी मिली थी।
मोहल्ले और परिवार में मातम
महिमा की मौत की खबर से उसका पूरा परिवार और मोहल्ला सदमे में है। जिन लोगों ने उसे पढ़ते और आगे बढ़ते देखा था, उन्हें इस हादसे पर यकीन नहीं हो रहा। सभी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।



