
दुर्ग: Durg MLA Gajendra Yadav injured: छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के विधायक गजेंद्र यादव आज सुबह बैडमिंटन खेलते वक्त अचानक गिर पड़े और चोटिल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इस वक्त उनका इलाज जारी है। राहत की बात ये है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
खेलते-खेलते अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, गजेंद्र यादव हर रोज की तरह आज सुबह भी अपने घर के सामने साथियों के साथ बैडमिंटन खेल रहे थे। खेल के दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वो ज़मीन पर गिर पड़े। इसके बाद मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाया और दुर्ग के आरोग्यम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें आराम की सख्त ज़रूरत है और पर्याप्त नींद न लेने की वजह से ये हाल हुआ।
अस्पताल में जुटी सियासी भीड़
जैसे ही खबर फैली कि विधायक अस्पताल में भर्ती हैं, राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। भारतीय जनता पार्टी के तमाम पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, महामंत्री, महापौर अलका बाघमार और निगम के कई पार्षद अस्पताल पहुंच गए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दुर्ग शहर के पूर्व विधायक अरुण वोरा भी यादव का हालचाल जानने पहुंचे। सभी ने डॉक्टरों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और जल्द ठीक होने की कामना की।
जन्मदिन से पहले बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि 15 जून को विधायक गजेंद्र यादव का जन्मदिन है। इसके एक दिन पहले यानी 14 जून को उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ का एक कार्यक्रम भी आयोजित किया है। ऐसे में उनके अचानक बीमार पड़ने से समर्थकों और आयोजकों की चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल विधायक यादव डॉक्टरी निगरानी में हैं और उम्मीद की जा रही है कि वे जल्द ही स्वस्थ होकर वापस अपने काम पर लौटेंगे।



