
छत्तीसगढ़ सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल हाफ योजना में बड़ा बदलाव किया है। नई व्यवस्था 1 दिसंबर से लागू हो गई है। अब 200 यूनिट तक बिजली खपत पर उपभोक्ताओं को आधा बिल देना होगा। पहले 200 यूनिट पर लगभग 800 से 900 रुपए तक बिल बनता था, जो घटकर करीब 420 से 435 रुपए तक आ सकता है।
घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मिलेगी आधे बिल की सुविधा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा के विशेष सत्र के बाद इस योजना की घोषणा की। सरकार ने बताया कि जिन परिवारों की खपत 400 यूनिट प्रति माह तक होती है, उन्हें 200 यूनिट तक हाफ बिजली का लाभ मिलेगा। इस बदलाव से 45 लाख से ज्यादा परिवारों को राहत मिलेगी।
सरकार ने चार महीने पहले बिजली बिल हाफ योजना में बड़ा संशोधन किया था। पूर्ववर्ती सरकार के समय लागू 400 यूनिट की सीमा घटाकर 100 यूनिट कर दी गई थी। इससे कई परिवारों का बिल लगभग दोगुना हो गया था। अब नई व्यवस्था में 200 यूनिट तक आधा बिल लिया जाएगा। पहले 100 यूनिट का बिल 410 से 450 रुपए आता था, जो घटकर करीब 205 से 225 रुपए के बीच रह जाएगा।
किन उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा
फिलहाल सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं को ही हाफ बिजली योजना का लाभ दिया जा रहा है। सितंबर 2025 में 100 यूनिट छूट योजना के तहत 41 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को राहत मिली थी और कुल 40 लाख रुपए से अधिक की सब्सिडी दी गई थी। नई व्यवस्था में भी यह छूट सिर्फ घरेलू कनेक्शन पर लागू होगी। व्यावसायिक कनेक्शन और किसानों के पंप कनेक्शन को इस योजना में शामिल नहीं किया गया है।
Also Read: कलिंगा विश्वविद्यालय में संविधान दिवस समारोह: प्रस्तावना की शपथ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और चीफ जस्टिस की वॉल ऑफ़ फ़ेम का उद्घाटन



